दिल दहला देने वाला डबल मर्डर, पिता पर जुड़वां बेटियों की हत्या का आरोप, सीसीटीवी में सामने आई पूरी वारदात

दिल दहला देने वाला डबल मर्डर, पिता पर जुड़वां बेटियों की हत्या का आरोप, सीसीटीवी में सामने आई पूरी वारदात

आरोपी शशिरंजन 

उत्तर प्रदेश के कानपुर के किदवई नगर स्थित त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में हुए दिल दहला देने वाले दोहरे हत्याकांड की जांच में चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पिता की शराब की लत इस पूरे मामले की बड़ी वजह बनकर उभरी है। गुस्सा, पारिवारिक तनाव और नशे की हालत ने मिलकर एक खुशहाल परिवार को बर्बाद कर दिया। थाना प्रभारी के मुताबिक, आरोपी की शराब पीने की आदत को भी जांच का अहम हिस्सा बनाया गया है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच पहले से तनाव था, जो आरोपी के नशे में होने पर और बढ़ जाता था।

घटना वाली रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसमें शराब ने आग में घी का काम किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने वारदात से पहले अपने भाई राजीव को फोन किया था, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने पूरी टाइमलाइन तैयार की है। रात 12:48 बजे आरोपी बच्चियों के कमरे में गया। इसके बाद 1:50 बजे पहली और 3:35 बजे दूसरी मासूम की हत्या कर दी गई।

फुटेज में 2:14 बजे आरोपी को एक बच्ची के साथ कमरे से बाहर निकलते हुए भी देखा गया है। वारदात के बाद वह 4:24 बजे कमरे से बाहर आया, दो बार किचन में गया और फिर 4:32 बजे खुद ही पुलिस को सूचना दी। इस दर्दनाक घटना के बाद पीड़ित मां रेशमा पूरी तरह टूट चुकी हैं। उन्होंने कानपुर छोड़कर अपने गृह राज्य पश्चिम बंगाल लौटने का फैसला किया है। जिस घर में कभी बच्चों की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब सन्नाटा और दर्द भरी यादें बाकी रह गई हैं।