संपत्ति के लालच में बेटी की हत्या! पिता ने दूसरी पत्नी संग मिलकर 17 साल की बेटी को उताड़ा मौत के घाट

उत्तर प्रदेश के मेरठ से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। भावनपुर थाना क्षेत्र की गोकुलधाम सोसाइटी में एक पिता ने अपनी दूसरी पत्नी के साथ मिलकर 17 वर्षीय बेटी खुशी उर्फ खुशबू की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद परिवार ने गुपचुप तरीके से छात्रा का अंतिम संस्कार भी कर दिया। मामले का खुलासा तब हुआ जब हापुड़ निवासी छात्रा के मामा भूपेंद्र शर्मा को पड़ोसियों से सूचना मिली। इसके बाद वे परिजनों के साथ मेरठ पहुंचे और पिता कपिल भारद्वाज तथा सौतेली मां पिंकी के खिलाफ हत्या की शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस के अनुसार, खुशी 12वीं कक्षा की छात्रा थी। उसकी मां प्रीति की वर्ष 2017 में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मां की मौत के करीब छह महीने बाद पिता कपिल ने पिंकी से दूसरी शादी कर ली। इसके बाद खुशी और उसका भाई अपने पिता के साथ ही रह रहे थे। आरोप है कि मंगलवार सुबह खुशी की हत्या कर दी गई और बिना किसी को सूचना दिए अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। एसएसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि आरोपी पिता कपिल भारद्वाज को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में उसने बेटी की हत्या करना कबूल कर लिया, हालांकि वह लगातार बयान बदलकर पुलिस को गुमराह करता रहा। कभी उसने स्कूल से शिकायत आने और मोबाइल इस्तेमाल को वजह बताया, तो कभी दूसरी बातें कहता रहा।

वहीं सौतेली मां पिंकी ने भी शुरुआत में बीमारी से मौत होने की कहानी बताकर पुलिस को भ्रमित करने की कोशिश की। महिला पुलिसकर्मी उससे लगातार पूछताछ कर रही हैं। प्राथमिक जांच में संपत्ति विवाद का एंगल भी सामने आया है। पुलिस को आशंका है कि भविष्य में संपत्ति में हिस्सा न देना पड़े, इसलिए छात्रा की हत्या की गई। जांच में यह भी पता चला है कि दूसरी पत्नी की बेटी होने के बाद खुशी के साथ कथित तौर पर प्रताड़ना शुरू हो गई थी। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
