शादी का झांसा देकर 8 साल से नाबालिग से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

शादी का झांसा देकर 8 साल से नाबालिग से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

नारायणपुर। शादी का झांसा देकर नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने के मामले में नारायणपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के निर्देशन में जिले में महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों पर गंभीरता से कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय कुमार एवं ऐश्वर्य चंद्राकर तथा एसडीओपी बेनूर अविनाश कंवर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी झाराघाटी राजकुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।

2018 से 2026 तक शादी का झांसा देने का आरोप

मामले के अनुसार, थाना झाराघाटी में 26 नवंबर 2026 को पीड़िता ने लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी पिन्टू पोयाम (26 वर्ष), पिता सुकमन पोयाम, निवासी ग्राम कनेरा, थाना धौड़ाई, जिला नारायणपुर, ने पीड़िता के नाबालिग होने की जानकारी के बावजूद शादी का झांसा देकर उसके साथ लंबे समय तक दुष्कर्म किया।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने 15 सितंबर 2018 से 3 अक्टूबर 2026 तक अलग-अलग स्थानों पर कई बार दुष्कर्म किया। इसके अलावा गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

पॉक्सो सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज

पीड़िता की शिकायत पर थाना झाराघाटी में अपराध क्रमांक 06/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 376, 376(2)(n), 376(3), भारतीय न्याय संहिता की धारा 64, 64(2)(m), 65(1), 115(2), 351(2), 296 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया।

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 27 नवंबर 2026 को आरोपी पिन्टू पोयाम को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।