नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त मामले में तीन और गिरफ्तार, डॉक्टर समेत पुरुष नर्स पुलिस की गिरफ्त में

फर्जी डिस्चार्ज टिकट बनाकर नवजात बच्चों की खरीद-बिक्री का चल रहा था खेल, आर्थिक रूप से कमजोर और अविवाहित गर्भवती महिलाओं को बनाते थे निशाना

नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त मामले में तीन और गिरफ्तार, डॉक्टर समेत पुरुष नर्स पुलिस की गिरफ्त में

रायपुर। नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त के सनसनीखेज मामले में रायपुर की आजाद चौक पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक डॉक्टर, एक पुरुष नर्स और एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं और अविवाहित गर्भवती महिलाओं को निशाना बनाकर उन्हें प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराते थे। इसके बाद नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री का सौदा कर रकम आपस में बांट लेते थे।

इस मामले में पुलिस पहले ही तीन महिला आरोपियों कृतिका साहू, अहिल्या नामदेव और गीतिका नाग को गिरफ्तार कर चुकी है। इनसे पूछताछ और विवेचना के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने अब डॉ. खिर सिंधु महानंद, प्रकाश कुमार कौरव और अश्वनी शर्मा को गिरफ्तार किया है।

अस्पताल में भर्ती किए बिना बनाते थे फर्जी डिस्चार्ज टिकट

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी डॉ. खिर सिंधु महानंद नवजात शिशु के क्रेता यानी लाभार्थी को अस्पताल में भर्ती किए बिना ही अस्पताल की सील लगाकर फर्जी डिस्चार्ज टिकट तैयार करता था। यह टिकट महिला आरोपी कृतिका साहू को दिया जाता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी डॉक्टर ने वर्ष 2026 में तीन डिलीवरी होने और 26 जन्म प्रमाण पत्र जारी किए जाने की जानकारी दी है। उसके कब्जे से प्रार्थिया के उपचार से संबंधित दस्तावेज और ओपीडी रिकॉर्ड रजिस्टर जब्त किया गया है।

पुरुष नर्स और साथी मिलकर करते थे सौदेबाजी

जांच में प्रकाश कुमार कौरव की भूमिका भी सामने आई है। वह पुरुष नर्स के रूप में काम करता था और अश्वनी शर्मा के साथ मिलकर नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री में शामिल था। पुलिस के मुताबिक, कृतिका साहू, गीतिका नाग, अहिल्या नामदेव और अन्य आरोपियों के साथ मिलकर यह पूरा नेटवर्क संचालित किया जा रहा था।

आरोपी आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं और अविवाहित गर्भवती महिलाओं की तलाश करते थे। उन्हें प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जाता था। इसके बाद नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री का सौदा तय किया जाता था और इससे मिलने वाली रकम का आपस में बंटवारा कर लिया जाता था। अश्वनी शर्मा पर इस पूरे नेटवर्क में रकम के लेन-देन की जिम्मेदारी निभाने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, इस प्रकरण की प्रार्थिया को भी इसी तरीके से प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

तीन महिला आरोपियों की पहले हो चुकी है गिरफ्तारी

इस मामले में पुलिस ने पूर्व में कृतिका साहू (34), निवासी आमापारा रामकुंड रायपुर, अहिल्या नामदेव (40), निवासी सीतानगर गोगांव रायपुर और गीतिका नाग (36), निवासी स्टोर पारा पुरैना भिलाई-3, जिला दुर्ग को गिरफ्तार किया था। अब तीन और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

डॉ. खिर सिंधु महानंद (45 वर्ष), निवासी मोतीलाल नगर कोटा, रायपुर।

प्रकाश कुमार कौरव (45 वर्ष), निवासी कपिस विहार अमलीडीह, न्यू राजेंद्र नगर, रायपुर।

अश्वनी शर्मा (38 वर्ष), निवासी रामकुंड विहार, थाना आजाद चौक, रायपुर।