पूर्व सीएम ममता बैनजी के भतीजे अभिषेक पर अंडे और पत्थरों से हमला, पांच गिरफ्तार

पूर्व सीएम ममता बैनजी के भतीजे अभिषेक पर अंडे और पत्थरों से हमला, पांच गिरफ्तार

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व सांसद अभिषेक बैनर्जी पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में तपन माइती और आकाश भी शामिल हैं, जिन्हें घटना से जुड़े वायरल वीडियो में देखा गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अन्य संदिग्धों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर इलाके में उस समय अभिषेक बनर्जी पर हमला हुआ, जब वह चुनाव बाद हुई हिंसा के पीड़ितों से मिलने पहुंचे थे। इस दौरान भीड़ ने उन पर अंडे और पत्थर फेंके। हमले के बावजूद उन्होंने हिंसा में मारे गए टीएमसी कार्यकर्ता संजू कर्माकर के परिजनों से मुलाकात की।

घटना के बाद टीएमसी ने इसे राजनीतिक साजिश बताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और टीएमसी सुप्रीमो ममता बैनर्जी ने भतीजे अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले के विरोध में रविवार को प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। उन्होंने इस घटना के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया। हालांकि भाजपा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि उसका इस घटना से कोई संबंध नहीं है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हमले के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।