होटल में युवती से दुष्कर्म, तीन आरोपी जेल भेजे गए

मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि, होटल मालिक और मैनेजर भी गिरफ्तार; एससी-एसटी एक्ट के तहत सीओ कैंट को सौंपी गई विवेचना

होटल में युवती से दुष्कर्म, तीन आरोपी जेल भेजे गए

मेरठ। आबूलेन स्थित स्क्वायर होटल में युवती को बंधक बनाने, दुष्कर्म करने और बीच सड़क पर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने आरोपी सलमान समेत होटल मालिक गोविंद चौरसिया और होटल मैनेजर कृष्णा को कोर्ट में पेश किया। अदालत ने तीनों आरोपियों को जिला कारागार भेज दिया। मेडिकल जांच में युवती के साथ दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद मामले में दुष्कर्म और एससी-एसटी एक्ट की धाराएं बढ़ाई गई हैं। अब पूरे मामले की विवेचना सीओ कैंट संजय कुमार गुप्ता को सौंपी गई है।

गाजियाबाद निवासी युवती के अनुसार, सोमवार रात उसे स्क्वायर होटल में चाकू की नोक पर बंधक बनाकर रखा गया था। मंगलवार दोपहर वह किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकलकर बाहर आई। इसके बाद आबूलेन पर आरोपी सलमान ने बीच सड़क पर युवती के साथ मारपीट की और उसे गोद में उठाकर जबरन होटल में ले जाने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद लोगों ने इसका विरोध किया। युवती और आरोपी सलमान एक-दूसरे को करीब एक साल से जानते थे। युवती अपनी सहेली के यहां आई थी, इसी दौरान सलमान और उसके सहयोगियों ने उसे होटल बुलाया था।

होटल प्रबंधन पर भी मिलीभगत का आरोप

मामले में होटल मैनेजर कृष्णा पर आरोपी सलमान को भगाने में मदद करने का आरोप है। आरोप है कि होटल में बिना आईडी के भी कमरा दिया गया था। घटना के बाद सदर बाजार पुलिस की प्रारंभिक कार्रवाई पर भी सवाल उठे। आरोप है कि पुलिस ने शुरुआत में मामूली धाराओं में केस दर्ज किया और अधिकारियों को मामले की गंभीरता से अवगत नहीं कराया।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में

मंगलवार शाम घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई का दबाव बढ़ा। लखनऊ में बैठे वरिष्ठ अधिकारियों के फोन स्थानीय पुलिस अधिकारियों के पास पहुंचने के बाद मामले में तेजी आई। इसके बाद दुष्कर्म और एससी-एसटी एक्ट की धाराएं जोड़ी गईं तथा होटल को सील कर दिया गया। आरोपी सलमान को लोहिया नगर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था।

कोर्ट में पेशी, तीनों जेल भेजे गए

बृहस्पतिवार को सदर बाजार पुलिस ने सलमान, होटल मालिक गोविंद चौरसिया और मैनेजर कृष्णा को अदालत में पेश किया। यहां से तीनों को जिला कारागार भेज दिया गया। पुलिस ने युवती के न्यायालय में बयान भी दर्ज कराए हैं। वहीं, अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन के अध्यक्ष सचिन सिरोही ने आरोपी सलमान के खिलाफ हिस्ट्रीशीट खोलने और राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) लगाने की मांग की है। मामले की विवेचना अब सीओ कैंट संजय कुमार गुप्ता कर रहे हैं।