दुर्ग में प्लाईवुड फैक्टरी में भीषण आग, 1.28 लाख लीटर पानी से बुझाई गई

दुर्ग में प्लाईवुड फैक्टरी में भीषण आग, 1.28 लाख लीटर पानी से बुझाई गई

दुर्ग। दुर्ग जिले के बड़े पुर्दा स्थित प्लाईवुड निर्माण फैक्टरी में देर रात भीषण आग लग गई। आग फाइनेस्ट एग्रो इंटरप्राइजेस फैक्टरी में रखे कच्चे माल (रॉ मटेरियल) में लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा की तीन दमकल टीमों को तत्काल मौके पर रवाना किया गया। दमकल कर्मियों ने करीब पांच से छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान लगभग 28 दमकल गाड़ियों के पानी, करीब 1 लाख 28 हजार लीटर, का उपयोग किया गया।

जानकारी के अनुसार, घटना 26 नवंबर की रात की है। 27 नवंबर को रात करीब 1 बजे बड़े पुर्दा स्थित प्लाईवुड निर्माण फैक्टरी में आग लगने की सूचना अग्निशमन कार्यालय दुर्ग को मिली। सूचना मिलते ही दमकल टीमों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुंचने पर आग फैक्टरी में रखे कच्चे माल को पूरी तरह अपनी चपेट में ले चुकी थी। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल कर्मियों ने आधुनिक अग्निशमन उपकरणों और सूझबूझ के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। तीनों दमकल टीमों ने संयुक्त रूप से प्रयास करते हुए आग को फैलने से रोकने और बुझाने का काम किया। लगातार पानी की बौछार और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। आग बुझाने के अभियान में करीब 28 दमकल गाड़ियों के पानी का उपयोग किया गया, जिसकी अनुमानित मात्रा 1 लाख 28 हजार लीटर बताई गई है। आग पर पूरी तरह काबू पाने में लगभग पांच से छह घंटे का समय लगा। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

यह अभियान जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में संचालित किया गया। दल प्रभारी विजय चतुर्वेदी, महेंद्र चंदेल और धनु यादव सहित अग्निशमन कर्मचारियों ने आग बुझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में मनोज, नागेश, पराग, रूपेंद्र, नरोत्तम टंडन, हीरामन, धर्मेंद्र, उमाशंकर, हरीश, शारदा प्रसाद और मनीष सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।