महिला कर्मचारी से प्रताड़ना, कृषि विभाग के डिप्टी डायरेक्टर पर FIR

महिला कर्मचारी से प्रताड़ना, कृषि विभाग के डिप्टी डायरेक्टर  पर FIR

जांजगीर-चांपा। सहकर्मी महिला कर्मचारी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप में कृषि विभाग के डिप्टी डायरेक्टर एलएम भगत के खिलाफ चांपा थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के मुताबिक, एलएम भगत जांजगीर जिले में कृषि विभाग में उप संचालक के पद पर पदस्थ थे। इसी दौरान उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए विभाग में कार्यरत एक महिला कर्मचारी को लंबे समय तक मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और शारीरिक रूप से भी अनुचित व्यवहार किया। आरोप है कि इस प्रताड़ना के कारण महिला कर्मचारी गंभीर मानसिक तनाव में चली गई थी। पीड़ित महिला ने करीब दो माह पहले इस पूरे मामले की शिकायत जांजगीर कलेक्टर और एसपी से की थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त जांच टीम गठित की। टीम ने महिला के बयान, उपलब्ध साक्ष्य और परिस्थितिजन्य तथ्यों की गहन जांच की, जिसमें आरोपों की पुष्टि हुई।

इस मामले में एसपी विजय पांडे ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर चांपा थाने में डिप्टी डायरेक्टर एलएम भगत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 79 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि आरोपी अधिकारी वर्तमान में रायगढ़ जिले में पदस्थ हैं और मामले की विवेचना जारी है।