पुराने विवाद में खूनी संघर्ष, डंडों से पीट-पीटकर युवक की हत्या

पुराने विवाद में खूनी संघर्ष, डंडों से पीट-पीटकर युवक की हत्या

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में पुराने विवाद और मामूली कहासुनी ने एक व्यक्ति की जान ले ली। साजा थाना क्षेत्र के ग्राम बोरतरा में दो पक्षों के बीच हुए हिंसक विवाद में 45 वर्षीय ओमप्रकाश प्रजापति की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है। हालात को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है और फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे की है। बताया जा रहा है कि ओमप्रकाश प्रजापति का गांव के कुछ लोगों से पहले से विवाद चल रहा था। इसी बीच एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि शिव श्रीवास, रोशन श्रीवास, सोमनाथ श्रीवास और दीपक श्रीवास सहित अन्य लोगों ने बबूल और बांस के डंडों से ओमप्रकाश पर हमला कर दिया। हमले में उनके सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और वे मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। घायल ओमप्रकाश को परिजन पहले साजा के स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल बेमेतरा रेफर किया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मृतक के परिजनों का दावा है कि ओमप्रकाश दुकान से मंजन खरीदकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुत्ते को लेकर कुछ लोगों से कहासुनी हो गई। आरोप है कि मामूली विवाद के बाद आरोपी घर से डंडे लेकर आए और ओमप्रकाश पर हमला कर दिया। मृतक की मां कौशल्या प्रजापति ने आरोप लगाया कि उनके बेटे के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उसकी जान चली गई। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि परिवार को न्याय मिलना चाहिए। घटना की सूचना मिलते ही साजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार, मामले में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। फिलहाल गांव में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।