भिलाई में ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, चार आरोपी गिरफ्तार

‘रेड्डी अन्ना 108’ एप से चला रहे थे सट्टे का कारोबार, 17 मोबाइल, 15 एटीएम कार्ड, दो लैपटॉप और 90 हजार रुपये नकद जब्त

भिलाई में ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, चार आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। दुर्ग जिले में ऑनलाइन सट्टे के अवैध कारोबार के खिलाफ खुर्सीपार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक कमरे में बैठकर ‘रेड्डी अन्ना 108’ ऑनलाइन सट्टा एप्लीकेशन और पैनल के जरिए सट्टे का कारोबार संचालित कर रहे थे। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर दो लैपटॉप, 17 मोबाइल फोन, 15 एटीएम कार्ड और 90 हजार रुपये नकद सहित अन्य सामग्री जब्त की है।

पुलिस के मुताबिक, 7 नवंबर को खुर्सीपार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ट्रांसपोर्ट नगर में गुरुदयाल सिंह के यार्ड में टाटा सर्विस सेंटर के पास स्थित एक कमरे में कुछ युवक लैपटॉप और मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा चला रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और छापेमारी की। इस दौरान चार युवक ऑनलाइन सट्टा गतिविधियों में संलिप्त पाए गए।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ‘रेड्डी अन्ना 108’ एप्लीकेशन और पैनल के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित करते थे। सट्टे की रकम के लेन-देन के लिए आरोपियों द्वारा अलग-अलग व्यक्तियों के बैंक खातों और एटीएम कार्ड का इस्तेमाल किया जा रहा था। खाताधारकों को इसके बदले कमीशन या निर्धारित राशि दिए जाने की जानकारी भी पुलिस को मिली है।

पुलिस ने मौके से दो लैपटॉप, 17 मोबाइल फोन, 15 एटीएम कार्ड और 90 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। जब्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से डिजिटल साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि सट्टे के इस नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं तथा किन-किन बैंक खातों के जरिए रकम का लेन-देन किया गया है।

गिरफ्तार आरोपी

अमित तिवारी (21 वर्ष), सेक्टर-11, जोन-02, खुर्सीपार।

विकास कुमार साहू (24 वर्ष), मछली मार्केट, जोन-02, खुर्सीपार।

शुभम कुमार पाल (21 वर्ष), सेक्टर-11, जोन-02, खुर्सीपार।

यशमीत सिंह (19 वर्ष), जोन-03, मस्जिद के पास, खुर्सीपार।

चारों आरोपियों के खिलाफ थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 510/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6, 7, 8 एवं भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।