दीपावली की खुशियां बांटने वृद्धाश्रम पहुंची ‘दिशा’, बुजुर्गों को बांटे उपहार
सेक्टर-8 और सेक्टर-2 वृद्धाश्रम में सेवा अभियान, नए कपड़े, कंबल, फल और दैनिक उपयोग की सामग्री भेंट कर बुजुर्गों के साथ मनाई दीपावली






भिलाई। दीपावली का पर्व केवल घरों को रोशन करने का नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में खुशियों का उजाला भरने का भी संदेश देता है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए सामाजिक संस्था ‘दिशा’ के सदस्यों ने दीपावली के अवसर पर सेक्टर-8 एवं सेक्टर-2 स्थित वृद्धाश्रमों में पहुंचकर बुजुर्गों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं।
इस दौरान संस्था के सदस्यों ने वृद्धाश्रम में निवासरत बुजुर्गों को नई साड़ियां, कुर्ते, कंबल, फल और दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री भेंट की। उपहार पाकर बुजुर्गों के चेहरों पर खुशी और मुस्कान दिखाई दी। सदस्यों ने बुजुर्गों के साथ समय बिताया, उनका हालचाल जाना और आत्मीय बातचीत कर उन्हें अपनेपन का एहसास कराया।
संस्था की यह पहल केवल उपहार वितरण तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसके माध्यम से बुजुर्गों के प्रति सम्मान, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी दिया गया। दीपावली जैसे पारिवारिक त्योहार पर अपनों से दूर रह रहे बुजुर्गों के बीच पहुंचकर संस्था के सदस्यों ने उनके जीवन में खुशियों के कुछ अनमोल पल जोड़ने का प्रयास किया।
इस सेवा अभियान में संस्था ‘दिशा’ की ओर से सुजीत चक्रवर्ती, शांतनु दासगुप्ता, जवाहर, देबाशीष मजूमदार, भास्कर देवनाथ, रामानुजन राजू, राजेश धारकर, प्रदीप दास, कल्याण राय, मोहन गिरी, अशोक निम्बरते, रामजी सिन्हा सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
संस्था ‘दिशा’ का मानना है कि त्योहारों की खुशियां तभी सार्थक होती हैं, जब उन्हें जरूरतमंदों और समाज के उन लोगों के साथ साझा किया जाए, जिन्हें स्नेह और अपनत्व की आवश्यकता है। संस्था ने संदेश दिया कि दीपावली पर अपने घर में एक दीप जलाने के साथ किसी ऐसे व्यक्ति के जीवन में भी खुशियों का उजाला फैलाएं, जिसे आपके साथ और स्नेह की प्रतीक्षा है।