तीन थाना क्षेत्रों में पुलिस की एक साथ दबिश, 15 जुआरी गिरफ्तार

मगरलोड, अर्जुनी और भखारा में 52 पत्ती से काटपत्ती जुआ खेलते पकड़े गए आरोपी, नकदी, बाइक और मोबाइल समेत 97,320 रुपये की संपत्ति जब्त

तीन थाना क्षेत्रों में पुलिस की एक साथ दबिश, 15 जुआरी गिरफ्तार

धमतरी। जिले में जुआ-सट्टा के खिलाफ धमतरी पुलिस ने एक साथ तीन थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 15 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मगरलोड, अर्जुनी और भखारा पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 52 पत्ती ताश से काटपत्ती जुआ खेल रहे आरोपियों को पकड़ा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी रकम, तीन मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन सहित कुल 97 हजार 320 रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देश पर जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर तीनों थाना क्षेत्रों की पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर एक साथ दबिश दी।

मगरलोड में चार जुआरी गिरफ्तार

मगरलोड थाना पुलिस ने ग्राम सौंगा स्थित नया तालाब के नीचे तिराहा में कार्रवाई करते हुए फागराम साहू (43), भलेश्वर साहू (28), खेमचंद साहू (32) और विकास निषाद (24) को गिरफ्तार किया। इनके पास से 4,200 रुपये नगद, तीन मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन सहित कुल 93,200 रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

अर्जुनी में दो जुआ फड़ों पर कार्रवाई

अर्जुनी थाना पुलिस ने ग्राम पुरी बाजार चौक में दो अलग-अलग जुआ फड़ों पर दबिश दी। पहली कार्रवाई में राजेन्द्र देवांगन (36), पूनम नेताम (20) और पुनानंद निर्मलकर (30) को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 680 रुपये और ताश की पत्ती जब्त की गई।

वहीं दूसरी कार्रवाई में मधुशंकर निर्मलकर (32), कामता लाल ध्रुव (40) और सागर नेताम (25) को पकड़ा गया। इनके कब्जे से 580 रुपये नगद और ताश की पत्ती बरामद की गई।

भखारा में पांच जुआरी पकड़ाए

भखारा थाना पुलिस ने ग्राम कोलियारी के महावीर चौक में कार्रवाई करते हुए नरसिंग साहू (32), महेन्द्र साहू (32), छम्मन साहू (42), पवन नागरची (33) और संदीप साहू (32) को जुआ खेलते गिरफ्तार किया। इनके पास से 2,860 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की गई।

जुआरियों के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस ने सभी 15 आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की है। धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही नागरिकों से ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।