पोती को ले जाने का विरोध करने पर बुजुर्ग दादी की चाकू मारकर हत्या, आरोपी फरार
बिलासपुर के मेंड्रा गांव की घटना, तीन साल की बच्ची को जबरन ले जाने की कोशिश का आरोप











बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम मेंड्रा में तीन साल की मासूम बच्ची को कथित तौर पर जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश का विरोध करने पर उसकी दादी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान राजकुमारी यादव के रूप में हुई है। घटना का आरोप पड़ोस में रहने वाले प्रशांत शुक्ला पर है, जो वारदात के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार रात करीब 10 बजे की है। राजकुमारी यादव अपने घर पर मौजूद थीं। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला प्रशांत शुक्ला उनके घर पहुंचा। आरोप है कि उसने घर में मौजूद तीन साल की बच्ची को जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश की। बच्ची की दादी ने इसका विरोध करते हुए उसे रोकने का प्रयास किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए धारदार चाकू से राजकुमारी यादव पर हमला कर दिया। चाकू लगने से महिला गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख आरोपी वहां से फरार हो गया।
घायल महिला को परिजन तत्काल बिलासपुर स्थित छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। मासूम बच्ची को कथित तौर पर ले जाने की कोशिश और इसका विरोध करने पर उसकी दादी की हत्या की घटना से गांव में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलने पर सकरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी प्रशांत शुक्ला की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
