फर्जी CBI अधिकारी बनकर 13.30 लाख की साइबर ठगी, आंध्रप्रदेश से आरोपी गिरफ्तार

मनी लॉन्ड्रिंग में फंसाने और गिरफ्तारी का डर दिखाकर रकम ट्रांसफर कराई, ठगी के पैसों से खरीदा गया वीवो मोबाइल जब्त

फर्जी CBI अधिकारी बनकर 13.30 लाख की साइबर ठगी, आंध्रप्रदेश से आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। फर्जी CBI अधिकारी बनकर मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में फंसाने और गिरफ्तारी की धमकी देकर 13.30 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय आरोपी को धमतरी पुलिस ने आंध्रप्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से ठगी की रकम से खरीदा गया वीवो मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त 2025 को शाम करीब 4:15 से 4:20 बजे के बीच प्रार्थी के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को CBI अधिकारी बताते हुए प्रार्थी को मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में फंसाने की धमकी दी। इसके बाद केस रफा-दफा करने के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा कराने का दबाव बनाया। धमकी और भय के चलते प्रार्थी ने RTGS के माध्यम से दो बैंक खातों में 5.30 लाख और 8 लाख रुपये, कुल 13.30 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद भी और रकम की मांग किए जाने पर प्रार्थी को साइबर ठगी का अहसास हुआ। उसने थाना मगरलोड में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 128/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66(डी) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

बैंक खाते और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस

जांच के दौरान पुलिस ने ठगी में इस्तेमाल मोबाइल नंबर, बैंक खातों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। बैंक खाते की जानकारी में खाता आंध्रप्रदेश के कडपा जिले के निवासी शेक घोष बासा के नाम पर होना सामने आया। इसके बाद पुलिस टीम आंध्रप्रदेश पहुंची और आरोपी को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया। थाना मगरलोड में पूछताछ के दौरान आरोपी ने ठगी की रकम प्राप्त करने और उससे वीवो कंपनी का मोबाइल खरीदने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी की रकम से खरीदा गया मोबाइल फोन ई-साक्ष्य सहित जब्त किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेक घोष बासा, पिता नजीर बासा, उम्र 32 वर्ष, निवासी रायचोटी, मेघारा स्ट्रीट, मकान नंबर 13/175, जिला कडपा, आंध्रप्रदेश के रूप में हुई है। आरोपी को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, कुरूद के समक्ष पेश किया गया, जहां से 11 दिसंबर 2026 तक न्यायिक रिमांड स्वीकृत होने पर उसे जेल भेज दिया गया।