भिलाई स्टील प्लांट में 160 लीटर डीजल चोरी, आरोपी गिरफ्तार
बोलेरो वाहन में 8 गैलन भरकर ले जा रहा था डीजल, 5.16 लाख रुपये की सामग्री जब्त

भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) के अंदर से डीजल चोरी करने के मामले में भिलाई भट्ठी पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी प्लांट के आरएमपी-01 क्षेत्र से 160 लीटर डीजल चोरी कर बोलेरो वाहन में भरकर ले जा रहा था। सीआईएसएफ की सुरक्षा टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। पुलिस ने चोरी का डीजल और घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन सहित कुल 5 लाख 16 हजार रुपये की सामग्री जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 28 नवंबर को दोपहर करीब 2 बजे बीएसपी के आरएमपी-01 क्षेत्र से एक व्यक्ति 8 गैलन में 160 लीटर डीजल भरकर बोलेरो वाहन क्रमांक CG 07 CH 5656 में ले जा रहा था। प्लांट के अंदर ड्यूटी पर तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की टीम ने संदिग्ध को डीजल और वाहन सहित पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जमालू अहमद (29 वर्ष), निवासी बोरिया मार्केट, सेक्टर-04, एमओएच-01 बिल्डिंग, भिलाई बताया। उसने आरएमपी-01 क्षेत्र से डीजल चोरी करना स्वीकार किया।
सीआईएसएफ की रिपोर्ट पर थाना भिलाई भट्ठी में अपराध दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। उसके कब्जे से 160 लीटर डीजल और चोरी में इस्तेमाल बोलेरो वाहन जब्त किया गया। कुल जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 5 लाख 16 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया
है।