अवैध शराब कारोबार पर दुर्ग पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 6 थाना क्षेत्रों में 8 मामले दर्ज, 9 आरोपी गिरफ्तार

256 पाव देशी-विदेशी शराब जब्त, बिक्री की नगदी और शराब परिवहन में इस्तेमाल एक्टिवा भी पुलिस के कब्जे में

अवैध शराब कारोबार पर दुर्ग पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 6 थाना क्षेत्रों में 8 मामले दर्ज, 9 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। जिले में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर छह थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की है। 23 से 27 नवंबर के बीच की गई कार्रवाई में पुलिस ने आठ आबकारी प्रकरण दर्ज कर नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 256 पाव देशी एवं विदेशी मदिरा, बिक्री की नगदी रकम तथा शराब परिवहन में इस्तेमाल एक एक्टिवा वाहन जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार, थाना वैशाली नगर, पुरानी भिलाई, सुपेला, मोहन नगर, उतई और भिलाई नगर क्षेत्र में मुखबिर की सूचना तथा पेट्रोलिंग के दौरान मिली जानकारी के आधार पर अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री करने वाले आरोपियों को पकड़ा गया।

वैशाली नगर में दो आरोपी गिरफ्तार

वैशाली नगर पुलिस ने गंदा नाला छपरा मोहल्ला भिलाई और विकास पारा मैदान, रमणगर में कार्रवाई करते हुए मोहम्मद आजाद उर्फ टिल्लू और चंदन नेताम को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से कुल 61 पाव देशी मदिरा, 10.980 बल्क लीटर शराब, जिसकी कीमत 4,880 रुपये बताई गई है, बरामद की गई।

पुरानी भिलाई में 30 पाव शराब जब्त

पुरानी भिलाई पुलिस ने ग्राम सिरसा भाठा नर्सरी के पास अवैध शराब बिक्री की सूचना पर टिपेन्द्र दास वैष्णव को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 180 एमएल के 30 पाव देशी मसाला शराब, कुल 5.400 बल्क लीटर, कीमत करीब 3,000 रुपये जब्त की गई।

सुपेला में शराब और एक्टिवा जब्त

सुपेला पुलिस ने आरके मैदान, कांग्रेस भवन के सामने मरून रंग की एक्टिवा में देशी और विदेशी शराब रखकर बिक्री करने के आरोप में राहुल उर्फ उदित तेलंग को पकड़ा। उसके कब्जे से 14 पाव देशी शोले प्लेन शराब और 25 पाव अंग्रेजी गोवा स्पेशल शराब, कुल 39 पाव, बिक्री की 200 रुपये नगद रकम तथा एक्टिवा वाहन क्रमांक CG-07-CM-0969 जब्त किया गया। वाहन की अनुमानित कीमत 30 हजार रुपये बताई गई है।

मोहन नगर में शराब के साथ नगदी बरामद

मोहन नगर पुलिस ने धमधा रोड स्थित सब्जी मंडी के पास कार्रवाई कर अमर सिंह पारधी को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 30 पाव सुपर 36 मसाला देशी मदिरा, कुल 5.400 बल्क लीटर, कीमत करीब 3,000 रुपये तथा शराब बिक्री से प्राप्त 150 रुपये नगद बरामद किए गए।

उतई में दो आरोपी पकड़े गए

उतई पुलिस ने गोल्डन कॉम्प्लेक्स के पास शराब बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे एमेन्द्र वर्मा और शुभम महिपाल को गिरफ्तार किया। एमेन्द्र के कब्जे से 30 पाव शोले कंपनी की देशी प्लेन मदिरा, जिसकी कीमत करीब 3,000 रुपये बताई गई है, जबकि शुभम के कब्जे से बिक्री की 150 रुपये नगद रकम बरामद की गई।

भिलाई नगर में दो अलग-अलग कार्रवाई

भिलाई नगर थाना क्षेत्र में थाना पुलिस और चौकी रूआबांधा की टीम ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की। रूआबांधा तालाब के ऊपर नारियल पेड़ के नीचे शराब बिक्री के आरोप में अमन कंडरा को पकड़ा गया। उसके कब्जे से 34 पाव देशी शराब, कीमत 2,500 रुपये बरामद हुई। वहीं, सेक्टर भिलाई क्षेत्र में गायत्री मंदिर के पीछे कार्रवाई कर योगेश कुमार यादव उर्फ बाब्बो को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 32 पाव देशी मदिरा, कुल 5.760 बल्क लीटर, कीमत 5,760 रुपये जब्त की गई। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। दुर्ग पुलिस ने अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए आगे भी अभियान जारी रखने की बात कही है।