तहसील कार्यालय में ACB की बड़ी कार्रवाई, 60 हजार रिश्वत लेते लिपिक गिरफ्तार

तहसील कार्यालय में ACB की बड़ी कार्रवाई, 60 हजार रिश्वत लेते लिपिक गिरफ्तार

रायगढ़। जिले के धरमजयगढ़ अनुविभाग अंतर्गत छाल तहसील कार्यालय में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिश्वत लेते एक लिपिक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी किसान से खसरा के बी-1 में त्रुटि सुधार करने के एवज में 60 हजार रुपए की मांग कर रहा था। जानकारी के मुताबिक ग्राम धसकामुड़ा निवासी किसान भानुप्रताप पटेल ने एसीबी से शिकायत की थी कि तहसील कार्यालय में पदस्थ लिपिक तुलाराम पटेल द्वारा खसरा रिकॉर्ड में सुधार करने के नाम पर रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसीबी टीम ने मामले की गोपनीय जांच शुरू की।

प्रारंभिक जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। शिकायतकर्ता भानुप्रताप पटेल को टीम के साथ तहसील कार्यालय भेजा गया, जहां आरोपी तुलाराम पटेल रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। बताया जा रहा है कि आरोपी तुलाराम पटेल मूल रूप से शिक्षक पद पर कार्यरत है और वर्तमान में छाल तहसील कार्यालय में लिपिक के रूप में अटैच था। एसीबी की कार्रवाई के बाद तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया।

एसीबी अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। मौके से जरूरी दस्तावेज और साक्ष्य जब्त किए गए हैं। पूछताछ और अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।