मुख्यमंत्री के दुर्ग दौरे के बीच अग्निशमन दल की चार स्थानों पर त्वरित कार्रवाई, आगजनी की घटनाओं पर पाया काबू
जुनवानी में कंपनी यार्ड, स्टेशन मरोदा ओवरब्रिज पर इलेक्ट्रिक स्कूटी, भिलाई-3 में ट्रक और घासीदास नगर में मकान में लगी आग; अग्निशमन कर्मियों की तत्परता से टला बड़ा हादसा


दुर्ग। मुख्यमंत्री के दुर्ग जिले में विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा के कर्मचारी सुरक्षा व्यवस्था में लगातार तैनात रहे। इसी बीच मंगलवार 24 नवंबर को जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में आगजनी की चार घटनाएं सामने आईं। अग्निशमन दल ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और संभावित बड़े हादसे को टाल दिया।
जानकारी के अनुसार, पहली घटना दोपहर 2:04 बजे जनवानी स्थित BSBK कंपनी के यार्ड में हुई। यहां रखे मटेरियल में आग लग गई थी। सूचना मिलते ही शरद मेश्राम के नेतृत्व में अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और आग को नियंत्रित किया।
दूसरी घटना भी लगभग इसी समय स्टेशन मरोदा ओवरब्रिज पर हुई, जहां एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लग गई। विजय चतुर्वेदी के नेतृत्व में पहुंचे अग्निशमन दल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आग बुझाई और उसे आसपास फैलने से रोक लिया।
तीसरी घटना दोपहर 3:25 बजे भिलाई-3 में स्टेट बैंक के सामने हुई, जहां एक ट्रक में आग लग गई। सूचना पर विजय चतुर्वेदी के नेतृत्व में अग्निशमन दल ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
वहीं, चौथी घटना शाम 6:54 बजे जामुल थाना क्षेत्र के घासीदास नगर स्थित समता चौक में हुई। यहां एक मकान में आग लग गई थी। भगवती बंजारे के नेतृत्व में अग्निशमन दल ने समय पर पहुंचकर आग बुझाई।