खराब खाद्य सामग्री पर खाद्य विभाग की छापेमारी, दुर्ग-भिलाई में 15 होटल और ढाबे पर कार्रवाई

खराब खाद्य सामग्री पर खाद्य विभाग की छापेमारी, दुर्ग-भिलाई में 15 होटल और ढाबे पर कार्रवाई

दुर्ग। शहर में होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट में परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। 'संतुलित आहार, हमर अधिकार' अभियान के तहत विभाग की टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों में संचालित करीब 15 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान खराब खाद्य सामग्री मिलने पर उसे मौके पर ही नष्ट कराया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

अभिहित अधिकारी जितेन्द्र नेले के नेतृत्व में विभागीय टीम ने बायपास रोड स्थित सरदार ढाबा, यारा दा ढाबा और पंजाब होटल में निरीक्षण किया। इसके अलावा दुर्ग बस स्टैंड क्षेत्र के मिलन भोजनालय, नवीन भोजनालय, बालाजी राजस्थान भोजनालय, मिस्टर इडली, मिंट रेस्टोरेंट और स्वाद रेस्टोरेंट में भी जांच की गई। सेक्टर-10 स्थित संतुष्टि होटल और माधव फास्ट फूड सहित अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई। 

खराब सामग्री मिली तो मौके पर ही कराया नष्ट

जांच के दौरान टीम ने प्रतिष्ठानों में रखी खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, उसकी स्थिति और साफ-सफाई का जायजा लिया। जिन स्थानों पर खराब खाद्य सामग्री पाई गई, उसे नष्ट कराया गया। विभाग का उद्देश्य ऐसी सामग्री को ग्राहकों तक पहुंचने से रोकना और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना है। टीम ने संचालकों को खाद्य सामग्री के रखरखाव और प्रतिष्ठानों में स्वच्छता संबंधी नियमों का पालन करने की हिदायत भी दी।

लाइसेंस से लेकर खाद्य गुणवत्ता तक होगी जांच

खाद्य विभाग की कार्रवाई में केवल खराब खाद्य सामग्री ही नहीं, बल्कि खाद्य सुरक्षा से जुड़े दूसरे पहलुओं पर भी नजर रखी जा रही है। प्रतिष्ठानों में कृत्रिम रंगों के इस्तेमाल, बासी और दूषित खाद्य पदार्थों, साफ-सफाई तथा वैध खाद्य लाइसेंस और पंजीयन की जांच की जा रही है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

30 नवंबर तक चलेगा विशेष अभियान

खाद्य सुरक्षा आयुक्त दीपक अग्रवाल के निर्देश पर अभिहित अधिकारी के मार्गदर्शन में जिले में 16 नवंबर से 30 नवंबर तक विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभियान के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण जारी रहेगा। होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और मिठाई दुकानों के संचालकों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री का उपयोग करने, स्वच्छता बनाए रखने और लाइसेंस संबंधी दस्तावेज अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए हैं।