भदोही में छिपाकर रखा था 200 ग्राम सोना, वैशाली नगर पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर किया बरामद
चोरी के मामले में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, उत्तर प्रदेश के घर से बरामद हुआ सोने का गला डल्ला; अब तक 8 आरोपी गिरफ्तार


भिलाई। वैशाली नगर थाना क्षेत्र में हुई चोरी के मामले में दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के भदोही जिले स्थित उसके घर से करीब 200 ग्राम वजन का सोने का गला डल्ला बरामद किया है। आरोपी ने चोरी से प्राप्त सोने को अपने घर में छिपाकर रखा था। इस मामले में पुलिस पहले ही 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, फरार आरोपियों की तलाश और मामले की विवेचना जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना वैशाली नगर में अपराध क्रमांक 389/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में चोरी का मामला दर्ज किया गया है। प्रकरण में उत्तर प्रदेश के जिला भदोही निवासी सोनू जायसवाल (37) को 30 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर उसके कब्जे से सोने के दो कंगन पहले ही जब्त किए जा चुके थे।
चोरी गए सोने की शेष बरामदगी के लिए पुलिस आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही थी। पूछताछ में आरोपी ने करीब 200 ग्राम सोना वाराणसी के ठठेरी बाजार स्थित जय मां संकटमोचन ज्वेलर्स के पास टंच कराने की जानकारी दी थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को 17 नवंबर से 23 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर लिया। माल बरामदगी के लिए पुलिस टीम 17 नवंबर को आरोपी को साथ लेकर उत्तर प्रदेश रवाना हुई। 18 नवंबर को वाराणसी पहुंचने के बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर भदोही जिले के राजपुरा स्थित उसके घर की तलाशी ली। इस दौरान घर में छिपाकर रखा गया करीब 200 ग्राम वजन का सोने का गला डल्ला बरामद हुआ। पुलिस ने सोने को विधिवत जब्त कर लिया। बरामदगी की कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस टीम आरोपी और जब्त सामग्री के साथ 19 नवंबर को थाना वैशाली नगर वापस पहुंची। इस कार्रवाई से चोरी के मामले में सोने की बरामदगी को लेकर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
अब तक 8 आरोपी गिरफ्तार
वैशाली नगर पुलिस के अनुसार, इस प्रकरण में अब तक कुल 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। गिरफ्तार आरोपी सोनू जायसवाल की निशानदेही पर करीब 200 ग्राम सोने का गला डल्ला बरामद किया गया है। इससे पहले उसके कब्जे से सोने के दो कंगन भी जब्त किए गए थे। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।