नकली दवा फैक्ट्री का भंडाफोड़, चने की भूसी और पाउडर से बना रहे थे नकली दवाइयां, तीन गिरफ्तार

सहारनपुर के दो और हिमाचल के एक आरोपी को दबोचा, यूपी-एसटीएफ की मेरठ यूनिट, एफएसडीए और हिमाचल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई; नामी कंपनियों के ब्रांड के नाम पर कई राज्यों में हो रही थी सप्लाई

नकली दवा फैक्ट्री का भंडाफोड़, चने की भूसी और पाउडर से बना रहे थे नकली दवाइयां, तीन गिरफ्तार

सोलन। मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वाले नकली दवा कारोबार का हिमाचल प्रदेश में बड़ा खुलासा हुआ है। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UP-STF) की मेरठ यूनिट, उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) और हिमाचल प्रदेश पुलिस की संयुक्त टीम ने सोलन जिले के नालागढ़ क्षेत्र में नकली दवाइयां बनाने वाली अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। जांच में सामने आया कि फैक्ट्री में चने की भूसी और अलग-अलग तरह के पाउडर मिलाकर दवाइयां तैयार की जा रही थीं। इन नकली दवाओं को नामी दवा कंपनियों के ब्रांड और पैकेजिंग के नाम पर बाजार में उतारा जा रहा था। इनकी सप्लाई उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में किए जाने की जानकारी सामने आई है। मामले में तीन आरोपियों हसीन, वसीम और मुन्ना उर्फ मोनू कुमार को गिरफ्तार किया गया है।

तीन कमरों में चल रहा था नकली दवाओं का कारोबार

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़ क्षेत्र में संचालित इस अवैध फैक्ट्री में दवाओं के निर्माण का पूरा इंतजाम किया गया था। यहां अलग-अलग प्रकार के पाउडर और चने की भूसी का इस्तेमाल कर गोलियां और कैप्सूल तैयार किए जा रहे थे। यूपी एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार सिंह के अनुसार, बरामद दवाओं को केवल मिलावटी कहना सही नहीं होगा, बल्कि ये पूरी तरह नकली दवाएं थीं। इनमें असली दवाओं के जरूरी औषधीय तत्व होने की पुष्टि नहीं थी।

टाइफाइड, एसिडिटी और नसों के दर्द की नकली दवाएं

जांच में तीन प्रमुख दवाओं के नकली संस्करण तैयार किए जाने की जानकारी सामने आई है। इनमें C-AZ, PAN-D और Pregabalin शामिल हैं। C-AZ एंटीबायोटिक श्रेणी की दवा है, जिसका इस्तेमाल कुछ बैक्टीरियल संक्रमणों के उपचार में किया जाता है। PAN-D का उपयोग एसिडिटी और पेट में एसिड से जुड़ी समस्याओं के उपचार में होता है। वहीं Pregabalin का इस्तेमाल नसों के दर्द और मिर्गी के कुछ प्रकार के दौरों के उपचार में किया जाता है। इसके अलावा छापेमारी के दौरान Clavam 625, Zerodol-SP, Shelcal 500, Montina-L, Rebicheck-LS और Taxim-O 200 जैसी दवाओं के नाम और पैकेजिंग से संबंधित सामग्री भी सामने आई है। जांच एजेंसियां इन दवाओं की वास्तविकता और गुणवत्ता की पड़ताल कर रही हैं।

नामी कंपनियों के नाम और पैकिंग का हो रहा था इस्तेमाल

फैक्ट्री में केवल नकली दवाएं तैयार करने का काम ही नहीं हो रहा था, बल्कि उन्हें असली दवाओं जैसा दिखाने के लिए पैकेजिंग और प्रिंटिंग की व्यवस्था भी की गई थी। छापेमारी के दौरान ब्लिस्टर पैकिंग मशीन, एल्युमिनियम-एल्युमिनियम पैकिंग मशीन, कैप्सूल भरने की मशीन, वजन मापने के उपकरण, प्रिंटेड फॉयल और स्टीरियो प्रिंटिंग से जुड़े उपकरण बरामद किए गए। इन मशीनों की मदद से दवाओं को अलग-अलग ब्रांड के नाम और पैकिंग में तैयार किया जा रहा था, ताकि बाजार में उन्हें असली दवाओं के रूप में बेचा जा सके। जांच एजेंसियों को आशंका है कि इस कारोबार के जरिए दवा कंपनियों के नाम और ब्रांड का दुरुपयोग कर बड़े स्तर पर नकली दवाओं की बिक्री की जा रही थी।

सहारनपुर के दो आरोपी, हिमाचल का एक गिरफ्तार

इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हसीन और वसीम निवासी चिलकाना, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) तथा मुन्ना उर्फ मोनू कुमार निवासी हिमाचल प्रदेश के रूप में बताई गई है। तीनों को संयुक्त कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किया गया। एसटीएफ और संबंधित एजेंसियां अब इनके आपसी संपर्क, फैक्ट्री के संचालन और नकली दवाओं की खरीद-बिक्री से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही हैं।

वाराणसी से मिले सुराग ने खोली फैक्ट्री की पोल

दरअसल, नकली दवाओं के इस कारोबार का खुलासा उत्तर प्रदेश के अलग-अलग शहरों में हुई औषधि विभाग की जांच के बाद हुआ। वाराणसी, मुरादाबाद और लखनऊ में निरीक्षण के दौरान संदिग्ध दवाएं मिलने के बाद इनके निर्माण के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच शुरू की गई थी। पिछले सप्ताह वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र में छापेमारी के दौरान 17 प्रकार की संदिग्ध नकली दवाएं बरामद की गई थीं। इसके बाद जांच एजेंसियों ने इनके निर्माण और आपूर्ति से जुड़ी कड़ियां खंगालनी शुरू कीं। इसी जांच में हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़ क्षेत्र में संचालित अवैध फैक्ट्री का पता चला। इसके बाद यूपी एसटीएफ की मेरठ यूनिट, यूपी एफएसडीए और हिमाचल प्रदेश पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।

कई राज्यों तक फैला था सप्लाई नेटवर्क

जांच एजेंसियों के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती नकली दवाओं की सप्लाई चेन का पता लगाना है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, फैक्ट्री में तैयार नकली दवाओं की आपूर्ति उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में की जा रही थी। एजेंसियां यह पता लगा रही हैं कि इन दवाओं को किन शहरों में भेजा गया, किन मेडिकल स्टोर और दवा कारोबारियों तक इनकी पहुंच हुई तथा इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।