बंद मकानों को बनाते थे निशाना, खुर्सीपार में चोरी की दो वारदातों का खुलासा, एक गिरफ्तार, तीन नाबालिग भी थे शामिल
नकदी, चांदी के जेवर, टीवी, गैस सिलेंडर और वारदात में प्रयुक्त बाइक समेत 1.50 लाख का माल जब्त

भिलाई। खुर्सीपार थाना क्षेत्र में बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चोरी की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता भी सामने आई है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की नकदी, चांदी के आभूषण, गैस सिलेंडर, एलईडी टीवी और अन्य घरेलू सामान सहित वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जब्त की गई है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 13 और 14 नवंबर की दरम्यानी रात खुर्सीपार थाना क्षेत्र के दो बंद मकानों में चोरी की वारदात हुई थी। पहली घटना में आरोपियों ने मकान की खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे 10 हजार रुपए नगद चोरी कर लिए। इस मामले में पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 528/2026 के तहत बीएनएस की धारा 331(4) और 305(अ) में अपराध दर्ज किया था। वहीं दूसरी घटना में आरोपियों ने एक अन्य बंद मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, एक लाख रुपए नगद, गैस सिलेंडर, एलईडी टीवी, गैस चूल्हा, इंडक्शन सहित घरेलू उपयोग का सामान पार कर दिया था। इस मामले में भी खुर्सीपार पुलिस ने अपराध क्रमांक 529/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
CCTV फुटेज से मिला सुराग
लगातार हुई चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की। टीम ने घटनास्थलों और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्य जुटाने के साथ मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए पुलिस ने घेराबंदी की और एचसीएल कॉलोनी खुर्सीपार निवासी शेखर गुप्ता (26 वर्ष) को पकड़ लिया। पूछताछ और विवेचना के दौरान आरोपी की दोनों चोरी की वारदातों में संलिप्तता सामने आई। साथ ही उसके साथ तीन विधि से संघर्षरत बालकों के भी शामिल होने की जानकारी मिली। पुलिस ने आरोपियों से चोरी का सामान बरामद किया और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की।
ऐसे देते थे चोरी की वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, आरोपी ऐसे मकानों की पहचान करते थे, जिनमें ताला लगा होता था और जिनके खाली होने की संभावना रहती थी। इसके बाद रात के समय खिड़की या मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश करते थे। मकान के अंदर रखी अलमारी और अन्य स्थानों की तलाशी लेकर नगदी, आभूषण तथा घरेलू सामान चोरी कर फरार हो जाते थे। वारदात के दौरान इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त कर ली है।
नकदी से लेकर घरेलू सामान तक बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14 हजार 750 रुपए नगद, करीब 52 ग्राम चांदी के आभूषण, दो गैस सिलेंडर, एक एलईडी टीवी, दो टीन तेल, गैस चूल्हा, इंडक्शन और एक पेटी जब्त की है। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल क्रमांक CG07 CM 7021 भी जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 70 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, चोरी के सामान और मोटरसाइकिल सहित करीब 1 लाख 50 हजार रुपए की संपत्ति बरामद की गई है। आरोपी शेखर गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि तीनों विधि से संघर्षरत बालकों को वैधानिक कार्रवाई के बाद संप्रेक्षण गृह पुलगांव भेजा गया है। पुलिस शेष चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास कर रही है।