साइबर ठगी की रकम मंगवाने बैंक खाता दिया, म्यूल अकाउंट के जरिए ठगी में एक और आरोपी गिरफ्तार

सुपेला पुलिस की जांच में उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक के 18 खातों का खुलासा, आरोपी ठगी की रकम निकालकर करता था नगद लेन-देन

साइबर ठगी की रकम मंगवाने बैंक खाता दिया, म्यूल अकाउंट के जरिए ठगी में एक और आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। देश के अलग-अलग राज्यों में ऑनलाइन साइबर ठगी करने वाले गिरोह को बैंक खाते उपलब्ध कराने के मामले में सुपेला पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने बैंक खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम मंगवाने के लिए कर रहा था। खाते में ठगी की रकम जमा होने के बाद वह उसे नगद निकालकर संबंधित व्यक्ति को उपलब्ध कराता था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस मामले में पूर्व में भी एक आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गृह मंत्रालय द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल से प्राप्त जानकारी में उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक के 18 खातों का इस्तेमाल देश के विभिन्न राज्यों में हुई ऑनलाइन साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए किए जाने का पता चला था। इसके बाद थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1324/2026 के तहत धारा 318(2), 318(3) और 318(4) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस ने संबंधित बैंक खातों की जानकारी जुटाई और बैंक कर्मचारियों के बयान दर्ज किए। जांच में सामने आया कि आरोपी उमेश शर्मा (41 वर्ष), निवासी शांति पारा, कैंप-1, भिलाई का बैंक खाता भी साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस ने जब आरोपी से पूछताछ की तो उसने अपना बैंक खाता एक अज्ञात व्यक्ति को उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की।

खाते में रकम आते ही निकाल लेता था नगद

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके बैंक खाते में ऑनलाइन ठगी की रकम जमा कराई जाती थी, जिसे वह नगद निकालकर प्राप्त करता था। इस तरह उसका बैंक खाता साइबर ठगी से प्राप्त रकम के लेन-देन में इस्तेमाल हो रहा था। पुलिस के अनुसार, ऐसे बैंक खातों को म्यूल बैंक अकाउंट कहा जाता है। इन खातों के माध्यम से साइबर अपराधी अपनी पहचान छिपाकर ठगी की रकम को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाते हैं।

जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने उमेश शर्मा को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में पूर्व में एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अभियोग पत्र भी न्यायालय में प्रस्तुत किया जा चुका है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।