जेके लक्ष्मी सीमेंट प्लांट में लाला कमलापत सिंघानिया की 142वीं जयंती पर स्वच्छता वीरों का सम्मान

जेके लक्ष्मी सीमेंट प्लांट में लाला कमलापत सिंघानिया की 142वीं जयंती पर स्वच्छता वीरों का सम्मान

दुर्ग। जेके लक्ष्मी सीमेंट दुर्ग प्लांट में जेके ऑर्गनाइजेशन के संस्थापक स्वर्गीय लाला कमलापत सिंघानिया का 142वां जन्मदिवस फाउंडेशन डे के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत उनके चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। कार्यक्रम में प्लांट के अधिकारियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में श्रमिकों ने भाग लिया। इस दौरान मिठाई का वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम में संयंत्र प्रमुख राजपाल सिंह शेखावत ने कहा कि देश की आर्थिक व्यवस्था को मजबूत करने और औद्योगिक विकास में जेके ऑर्गनाइजेशन का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। संगठन ने अपने विभिन्न उद्योगों के माध्यम से देश के कई राज्यों में हजारों लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय लाला कमलापत सिंघानिया ने पराधीन भारत में औद्योगिक, सामाजिक और आर्थिक विकास को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाई।

उन्होंने बताया कि लाला कमलापत सिंघानिया के प्रयासों से कई कंपनियों की स्थापना हुई और देश में औद्योगिक विकास को गति मिली। वर्ष 1921 में जुग्गीलाल कमलापत कॉटन स्पिनिंग एंड वीविंग मिल की स्थापना संगठन के पहले प्रमुख व्यावसायिक उपक्रमों में शामिल थी। इसी से जेके ऑर्गनाइजेशन की नींव मजबूत हुई। इस अवसर पर मानव संसाधन विभाग के प्रमुख मनीष तिवारी ने कहा कि जेके लक्ष्मी सीमेंट में राष्ट्रीय पर्वों और विशेष अवसरों पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित करने की परंपरा रही है। इसी कड़ी में लाला कमलापत सिंघानिया की जयंती पर संयंत्र में कार्यरत स्वच्छता वीरों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता कर्मियों का योगदान संयंत्र की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाए रखने में महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में कारखाना प्रमुख राजपाल सिंह शेखावत, मानव संसाधन विभाग प्रमुख मनीष तिवारी सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख, कर्मचारी और श्रमिक उपस्थित रहे।