कमीशन के लालच में बेच दिए बैंक खाते, साइबर ठगों को उपलब्ध कराए ATM और सिम कार्ड, 6 गिरफ्तार
दुर्ग पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में म्यूल खाताधारकों पर शिकंजा, 5 से 15 हजार रुपये तक लेते थे कमीशन, खातों से लाखों रुपये का लेन-देन उजागर

दुर्ग। चंद हजार रुपये के कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता साइबर अपराधियों के हवाले करना छह लोगों को भारी पड़ गया। दुर्ग पुलिस ने साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल बैंक खातों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छह खाताधारकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक और मोबाइल सिम कार्ड दूसरे लोगों को उपलब्ध कराने का आरोप है। जांच में इन खातों के जरिए साइबर ठगी की लाखों रुपये से अधिक की रकम का लेन-देन सामने आया है।
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर साइबर अपराध में इस्तेमाल होने वाले म्यूल बैंक खातों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। थाना सुपेला, पदमनाभपुर, मोहन नगर और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंक खातों के ट्रांजेक्शन का विश्लेषण कर आरोपियों की पहचान की।
जांच में सामने आया कि आरोपी अपने बैंक खाते और उनसे जुड़े दस्तावेज एजेंटों के माध्यम से दूसरे लोगों को उपलब्ध कराते थे। इसके बदले उन्हें 5 हजार से 15 हजार रुपये तक कमीशन मिलता था। इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से प्राप्त रकम को जमा करने और अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करने के लिए किया जा रहा था।
पुलिस ने 17 नवंबर को थाना सुपेला के अपराध क्रमांक 1321/2026 एवं 1322/2026, पदमनाभपुर के अपराध क्रमांक 566/2026 और मोहन नगर के अपराध क्रमांक 639/2026 में कुल छह खाताधारकों के खिलाफ कार्रवाई की।
तीन थानों में छह खाताधारकों पर कार्रवाई
सुपेला थाना क्षेत्र से आशीष कुमार साहू (38), नीतेश मसीह (36) और धरम राज तिवारी (51) को गिरफ्तार किया गया। वहीं पदमनाभपुर थाना क्षेत्र के मामले में अमित मिश्रा (32) और गिरजा सिन्हा (23) को पकड़ा गया। मोहन नगर थाना क्षेत्र से रविन्द्र कुमार दिवान (42) के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, मोबाइल सिम कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य संबंधित दस्तावेज जब्त किए हैं।
साइबर ठगी की रकम के लिए बनते थे बैंकिंग माध्यम
पुलिस जांच के मुताबिक, साइबर अपराधी सीधे अपने खातों में ठगी की रकम लेने के बजाय दूसरे लोगों के बैंक खातों का इस्तेमाल करते थे। इन खातों के जरिए रकम को अलग-अलग खातों में स्थानांतरित किया जाता था। खाताधारक कमीशन लेकर साइबर अपराधियों को बैंकिंग लेन-देन का माध्यम उपलब्ध कराते थे।
मामलों में सुपेला थाने में धारा 318(2), 318(3), 317(4) बीएनएस, पदमनाभपुर थाने में धारा 317(2), 319(2), 61 बीएनएस तथा मोहन नगर थाने में धारा 318(2), 318(3), 317(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किए गए हैं।
घटना स्थल
1. थाना सुपेला क्षेत्र, जिला दुर्ग।
2. थाना पदमनाभपुर क्षेत्र, जिला दुर्ग।
3. थाना मोहन नगर क्षेत्र, जिला दुर्ग।
आरोपी का नाम
थाना सुपेला – 03 खाताधारक
1. आशिष कुमार साहू, उम्र 38 वर्ष, निवासी 8/14 इस्पात नगर, रिसाली, थाना नेवई, जिला दुर्ग।
2. नीतेश मसीह, उम्र 36 वर्ष, निवासी पदुमनगर सामुदायिक क्वार्टर के पास, चरोदा, थाना पुरानी भिलाई, जिला दुर्ग।
3. धरम राज तिवारी, उम्र 51 वर्ष, निवासी मॉडल टाउन, सड़क नंबर 14, इकबाल सिंह के किराये का मकान, थाना सुपेला, जिला दुर्ग।
थाना पदमनाभपुर – 02 खाताधारक
4. अमित मिश्रा, उम्र 32 वर्ष, निवासी रावतभाठा चौक, मिश्रा मेडिकल, जवाहर नगर, मकान नंबर 254, थाना सुपेला, जिला दुर्ग।
5. गिरजा सिन्हा, उम्र 23 वर्ष, निवासी शक्ति नगर, वार्ड नंबर 17, अन्ना दुकान के पीछे, थाना मोहन नगर, जिला दुर्ग।
थाना मोहन नगर – 01 खाताधारक
6. रविन्द्र कुमार दिवान, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम कादुल, थाना अर्जुन्दा, जिला बालोद।