एक साथ तीन जगह पुलिस की दबिश, 15 जुआरी रंगे हाथ गिरफ्तार

मिशन ग्राउंड से ग्राम भेण्ड्री और सांकरा तक चली कार्रवाई, 44,890 रुपये नकद और ताश की गड्डियां जब्त, एसपी भावना पांडेय के निर्देश पर चला अभियान

एक साथ तीन जगह पुलिस की दबिश, 15 जुआरी रंगे हाथ गिरफ्तार

धमतरी। जिले में अवैध जुआ और सट्टे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए धमतरी पुलिस ने एक साथ तीन अलग-अलग स्थानों पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की तीन टीमों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दबिश देकर ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे कुल 15 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने कुल 44 हजार 890 रुपये नकद और 52-52 पत्ती ताश जब्त की है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के सख्त निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना सिटी कोतवाली, चौकी करेलीबड़ी और थाना सिहावा की पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में एक साथ दबिश दी। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध जुआ गतिविधियों में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया।

मिशन ग्राउंड में दो जुआरी गिरफ्तार

पहली कार्रवाई थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के मिशन ग्राउंड धमतरी में की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां ताश के पत्तों से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भावेश जैन पिता नेमीचंद जैन, निवासी शांति कॉलोनी धमतरी और कैलाश केशवानी पिता स्वर्गीय चुन्नीलाल केशवानी, निवासी रत्नाबांधा धमतरी के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 41 हजार 200 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश जब्त की है।

ग्राम भेण्ड्री में पांच जुआरी पुलिस के हत्थे चढ़े

दूसरी कार्रवाई चौकी करेलीबड़ी क्षेत्र के ग्राम भेण्ड्री में की गई। यहां जैतखाम के सामने पीपल के पेड़ के नीचे जुआ खेलने की सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश दी। मौके से पांच आरोपियों को जुआ खेलते हुए पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों में ज्ञानेश्वर पिता केरहाराम मांड़े, राकेश पिता अनक कुमार निषाद, रूपेश पिता भागवत निषाद, चंद्रशेखर पिता युवराज सिन्हा और टिकेश पिता रामचरण निषाद शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम भेण्ड्री के निवासी हैं। पुलिस ने इनके पास से 1,150 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश जब्त की है।

ग्राम सांकरा में आठ जुआरी गिरफ्तार

तीसरी और बड़ी कार्रवाई थाना सिहावा क्षेत्र के ग्राम सांकरा में की गई। पुलिस टीम ने गौठान के पीछे दबिश देकर ताश के पत्तों पर दांव लगाते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में गिरधर निषाद पिता गणेश निषाद, द्वारिका साहू पिता गुहरीराम साहू, नौहर लाल साहू पिता कार्तिकराम साहू, ईश्वर तारक पिता आशाराम तारक, मोहन ओटी पिता ईश्वर ओटी, अश्वन साहू पिता विरसु साहू, संतोष नाथ पिता उपेन्द्र नाथ और राजू साहू पिता गणेश राम साहू शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम सांकरा के कोड़मुड़पारा क्षेत्र के निवासी हैं।

पुलिस ने इनके कब्जे से 2,540 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश जब्त की है।