गुवाहाटी के पास बड़ा रेल हादसा, कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के 6 डिब्बे पटरी से उतरे
डिगारू रेलवे स्टेशन के पास सुबह 6:54 बजे हुआ हादसा, कई यात्री घायल; रेलवे ने शुरू किया राहत एवं बचाव अभियान, यात्रियों को दूसरी ट्रेन से भेजा जा रहा गंतव्य तक

गुवाहाटी। असम के गुवाहाटी के बाहरी इलाके में बुधवार सुबह बड़ा रेल हादसा हो गया। डिगारू रेलवे स्टेशन के पास कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के छह डिब्बे और इंजन पटरी से उतर गए। हादसे में कई यात्रियों के घायल होने की खबर है। हालांकि, रेलवे अधिकारियों ने अब तक किसी की मौत की पुष्टि नहीं की है। घायलों की संख्या और उनकी स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, हादसा बुधवार सुबह करीब 6 बजकर 54 मिनट पर हुआ। मिजोरम के सैरांग से कोलकाता जा रही एक्सप्रेस ट्रेन डिगारू रेलवे स्टेशन के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू कर दिया गया।
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि डिगारू रेलवे स्टेशन के पास कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के छह डिब्बे सुबह 6:54 बजे पटरी से उतर गए। सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया गया।
दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के दौरान हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के लिए ट्रेन को रोकने की प्रक्रिया के दौरान यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि इसी दौरान लोको पायलट ट्रेन की गति नियंत्रित नहीं कर सका, जिसके चलते ट्रेन के डिब्बे पटरी से उतर गए। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
यात्रियों को दूसरी ट्रेन से भेजा जा रहा
हादसे के बाद प्रभावित यात्रियों की सहायता के लिए रेलवे और स्थानीय प्रशासन की टीमें जुट गई हैं। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी ट्रेन की व्यवस्था की गई है। रेलवे के महाप्रबंधक (GM) सहित वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। फिलहाल राहत एवं बहाली अभियान जारी है।