गांजा और नशीले इंजेक्शन के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार
6 किलो से ज्यादा गांजा, 24 बुट्रम इंजेक्शन, नगदी और बाइक जब्त


रायगढ़। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए 6.168 किलो गांजा, 24 नग नशीले बुट्रम इंजेक्शन, नगदी रकम और बाइक जब्त कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई सीएसपी मयंक मिश्रा और डीएसपी उन्नति ठाकुर के नेतृत्व में की गई।

बीड़पारा में गांजा तस्करी का खुलासा
25 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने बीड़पारा स्थित इरशाद खान के मकान में दबिश दी। यहां आरोपी इरशाद खान पिता कुर्बान खान उम्र 37 वर्ष निवासी बीड़पारा रायगढ़ को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके कमरे से 6 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 6.168 किलो निकला। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल भी जब्त किया। पूछताछ में इरशाद ने बताया कि वह अपने साढ़ू मोहम्मद वसीम निवासी जोगीडीपा के साथ मिलकर गांजा बेचता था। इसके बाद पुलिस ने मोहम्मद वसीम को भी हिरासत में लिया। उसने ओडिशा से गांजा लाकर बिक्री करना स्वीकार किया। दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत कार्रवाई की गई है।

नाबालिगों को बेचे जा रहे थे नशीले इंजेक्शन
इसी तरह 26 मई को पुलिस को सूचना मिली कि रामलीला मैदान के पास कुछ युवक नाबालिग लड़कों को बुट्रम इंजेक्शन के जरिए नशा करा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर कुछ युवक भाग निकले, जबकि सूरज पंडित निवासी सोनियानगर और विमल केरकेट्टा निवासी संजय नगर बैंक कॉलोनी रायगढ़ को पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान सूरज पंडित के पास से 24 नग Butorphanol Tatrate Injection USP 2mg, दो सिरिंज, 7370 रुपये नगद और मोबाइल बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने खरसिया निवासी सरोज यादव उर्फ बबलू यादव से इंजेक्शन खरीदने की बात कबूल की। इसके बाद पुलिस ने सरोज यादव को घड़ी चौक रायगढ़ के पास से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 200 रुपये और बरामद किए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नशीले इंजेक्शन, सिरिंज, कुल 7570 रुपये नगद, मोबाइल और अपाचे मोटरसाइकिल क्रमांक CG13AY3523 जब्त की है। मामले में आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 123, 275, 286 और जेजे एक्ट की धारा 77 के तहत कार्रवाई की गई है।
एनडीपीएस (गांजा) मामले में गिरफ्तार आरोपी
(1) इरशाद खान पिता कुर्बान खान उम्र 37 वर्ष निवासी बीडपारा थाना कोतवाली जिला रायगढ़ (छ०ग०) (2) मोहम्मद वसीम पिता बरकत मोहम्मद उम्र 43 वर्ष निवासी जोगीडीपा थाना कोतवाली जिला रायगढ़ (छ०ग०)
बुट्रम मामले में गिरफ्तार आरोपी
(1) सूरज पंडित पिता रामलखन पंडित उम्र 19 वर्ष निवासी सोनिया नगर थाना कोतवाली रायगढ़ (2) विमल केरकेट्टा पिता रफेल केरकेट्टा उम्र 23 वर्ष निवासी संजय नगर बैंक कालोनी बोईरदादर थाना चकधरनगर रायगढ (3) सरोज यादव उर्फ बबलू यादव पिता मुन्ना लाल यादव उम्र 29 वर्ष साकिन वार्ड नंबर 04 पठानपारा खरसियां चौकी खरसियां थाना खरसियां जिला रायगढ़ छग
