जेल के सामने रील बनाना पड़ा भारी, दो युवक गिरफ्तार


धमतरी। उप जेल जैसे संवेदनशील एवं सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र के सामने रील बनाना दो युवकों को भारी पड़ गया। पुलिस की समझाइश के बावजूद रील बनाना जारी रखने पर सिटी कोतवाली पुलिस ने दोनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पेट्रोलिंग के दौरान मिली सूचना
धमतरी पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त को पेट्रोलिंग के दौरान सूचना मिली कि उप जेल धमतरी के मुख्य द्वार के समीप दो युवक मोबाइल से रील बना रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवकों को उप जेल क्षेत्र की संवेदनशीलता तथा सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में समझाइश दी। उन्हें वहां रील नहीं बनाने के लिए कहा गया। इसके बावजूद दोनों युवक सार्वजनिक स्थान पर लोगों की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावित करते हुए रील बनाते पाए गए।
दोनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने शेख आसिफ पिता शेख अजीम, उम्र 20 वर्ष, निवासी महंत घासीदास वार्ड, धमतरी और जसवंत सिंह हिरा पिता जसविंदर सिंह हिरा, उम्र 23 वर्ष, निवासी सुंदरगंज वार्ड, धमतरी के खिलाफ धारा 170/126, 135 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। गिरफ्तारी की सूचना उनके परिजनों को भी दी गई।
संवेदनशील स्थानों पर रील से बचने की अपील
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि जेल, न्यायालय, पुलिस कार्यालय सहित अन्य संवेदनशील और सुरक्षा से जुड़े स्थानों के आसपास अनावश्यक रूप से वीडियो या रील बनाकर सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित न करें।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने के उत्साह में किसी भी संवेदनशील स्थान की सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाना चाहिए। ऐसे मामलों में पुलिस की वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
