दुर्ग में आकाशीय बिजली का कहर, मजदूर की मौत; दूसरा गंभीर रूप से झुलसा
महेश कॉलोनी में निर्माणाधीन मकान पर दो बार गिरी बिजली, प्लास्टर का काम कर रहे 5-6 मजदूरों में मची अफरा-तफरी


दुर्ग। बुधवार शाम मौसम खराब होने के दौरान पुलगांव थाना क्षेत्र के महेश कॉलोनी स्थित हाउसिंग बोर्ड की निर्माणाधीन कॉलोनी में आकाशीय बिजली गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद घायल मजदूर को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के मुताबिक, घटना के समय निर्माणाधीन मकान में करीब 5 से 6 मजदूर प्लास्टर का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदल गया और तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि शुरू हो गई। निर्माण स्थल के आसपास दो बार बिजली गिरी। दूसरी बार बिजली गिरने की चपेट में वहां काम कर रहे मजदूर आ गए। हादसे में लोरमी निवासी मनोहर यादव (20) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बिलासपुर निवासी राहुल निषाद (24) गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि बिजली गिरने के दौरान कुल तीन मजदूर प्रभावित हुए। इनमें से दो मजदूर सीधे बिजली की चपेट में आए, जबकि तीसरे मजदूर को भी तेज कंपन महसूस हुआ। हालांकि उसे गंभीर चोट नहीं आई। निर्माण स्थल पर मौजूद अन्य मजदूर सुरक्षित बच गए। अचानक हुए हादसे के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर भीड़ जुट गई। घायल मजदूर को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद निर्माण स्थल पर काम कर रहे मजदूरों और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है। पुलगांव थाना पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए घटना की जांच शुरू कर दी है।
