भैंस तस्करी मामले में लंबे समय से फरार आरोपी गिरफ्तार, कुसमी पुलिस ने भेजा जेल
कुसमी-जशपुर मार्ग पर चार भैंसों को क्रूरतापूर्वक हांककर ले जाने का मामला, लावा नदी के पास पुलिस ने पकड़े थे दो आरोपी

बलरामपुर। पशु तस्करी के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को कुसमी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को पूछताछ के बाद विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, 20 सितंबर 2026 की रात करीब 1 बजे ग्राम नीलकंठपुर निवासी नानकचंद राम भगत को सूचना मिली थी कि कुसमी-जशपुर मार्ग पर कुछ लोग चार भैंसों को डंडे से मारते-पीटते हुए क्रूरतापूर्वक हांककर ले जा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद प्रार्थी ने ग्रामीणों को जानकारी दी और उनके साथ संदिग्ध लोगों तथा भैंसों का पीछा किया। इसी दौरान ग्राम भवानीपुर के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों और पुलिस की सक्रियता से लवकशपुर और भवानीपुर के बीच लावा नदी के पास संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। मौके से दो आरोपियों को पकड़ लिया गया, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर नदी की ओर भाग निकला।
पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में उनकी पहचान अशोक उर्फ अकबर (35), निवासी ग्राम बहेरना, थाना आस्ता, जिला जशपुर और राजदीप बुनकर (32), निवासी ग्राम खम्हली, थाना आस्ता, जिला जशपुर के रूप में हुई थी। पूछताछ में फरार आरोपी की पहचान जियाउल अंसारी (33), निवासी ग्राम खम्हली, थाना आस्ता, जिला जशपुर के रूप में सामने आई थी। इसके बाद से पुलिस जियाउल अंसारी की तलाश कर रही थी। लगातार पतासाजी के बाद कुसमी पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद 7 अक्टूबर 2026 को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में थाना कुसमी में अपराध क्रमांक 83/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6 एवं 10 के तहत कार्रवाई की गई है।
