जमीन बेचने के नाम पर 20.95 लाख रुपये ठगे, फिर दूसरे को बेच दी जमीन; दो आरोपी गिरफ्तार

सौदा करने के बाद प्रार्थी से ली रकम, दूसरे व्यक्ति के नाम कर दी जमीन की बिक्री, रकम लौटाने में कर रहे थे टालमटोल

जमीन बेचने के नाम पर 20.95 लाख रुपये ठगे, फिर दूसरे को बेच दी जमीन; दो आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। जमीन की खरीद-बिक्री के नाम पर 20 लाख 95 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में रानीतराई पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पहले जमीन बेचने का सौदा कर प्रार्थी से पूरी रकम प्राप्त की गई और बाद में उसी जमीन को किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया गया। रकम वापस मांगने पर आरोपी लगातार टालमटोल करते रहे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर 20 नवंबर को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बीजाभाठा निवासी प्रार्थी ने 1 नवंबर 2026 को थाना रानीतराई में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2022 में ग्राम बीजाभाठा निवासी तुकेश साहू (30) ने अपनी जमीन बेचने का सौदा किया था। इस सौदे के तहत प्रार्थी से अलग-अलग समय पर कुल 20 लाख 95 हजार रुपये प्राप्त किए गए थे।

प्रार्थी जमीन की बिक्री और स्वामित्व संबंधी प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार करता रहा। इस बीच जब उसने जमीन के संबंध में जानकारी मांगी और अपनी दी गई रकम वापस करने को कहा तो आरोपी टालमटोल करने लगा। बाद में पता चला कि जिस जमीन का सौदा प्रार्थी के साथ किया गया था, उसे किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया गया है।

इस पूरे मामले में ग्राम जुनवानी निवासी उमेंद्र कुमार साहू (42) की भूमिका भी सामने आई। पुलिस के अनुसार उसने मुख्य आरोपी के साथ मिलकर जमीन बिक्री की प्रक्रिया निष्पादित कराने में सहयोग किया था।प्रार्थी की शिकायत पर रानीतराई पुलिस ने अपराध क्रमांक 109/2026 के तहत धारा 420, 34 भारतीय दंड संहिता में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान दोनों आरोपियों की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

बैंक पासबुक, आधार और पैन कार्ड जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, दुर्ग की जामगांव आर शाखा की एक पासबुक, एचडीएफसी बैंक की एक पासबुक, आधार कार्ड और पैन कार्ड की मूल प्रतियां जब्त की हैं। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

आरोपी का नाम

  1. तुकेश साहू, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम बीजाभाठा, थाना रानीतराई, जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़)।
  2. उमेंद्र कुमार साहू, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम जुनवानी, थाना भखारा, जिला धमतरी (छत्तीसगढ़)।