महिला स्व-सहायता समूह के 4.14 लाख रुपये का गबन, अध्यक्ष गिरफ्तार

12 महिलाओं की बचत और सरकारी सहायता राशि का नहीं मिला हिसाब, बैंक पासबुक देने में भी कर रही थी टालमटोल

महिला स्व-सहायता समूह के 4.14 लाख रुपये का गबन, अध्यक्ष गिरफ्तार

दुर्ग। जिले के ग्राम नागपुरा में महिला स्व-सहायता समूह की राशि में कथित गबन का मामला सामने आया है। समूह की 12 महिला सदस्यों की बचत और बैंक खाते में प्राप्त शासकीय सहायता राशि मिलाकर कुल 4 लाख 14 हजार 800 रुपये का हिसाब नहीं मिलने पर पुलिस ने समूह की अध्यक्ष को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम नागपुरा की महिलाओं ने 9 जून 2022 को सपूरा माता सहायता समूह का गठन किया था। समूह में कुल 12 महिलाएं सदस्य थीं। समूह के आर्थिक लेन-देन के लिए छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक की नागपुरा शाखा में खाता खोला गया था। सभी सदस्य नियमित रूप से अपनी बचत की राशि जमा करती थीं। इसके अलावा समूह के बैंक खाते में शासकीय सहायता राशि भी प्राप्त हुई थी।

समूह की अध्यक्ष कीर्ति मंडले (28) सदस्यों से समय-समय पर राशि प्राप्त करती थी। 18 नवंबर 2026 को जब समूह की महिलाओं ने बैंक खाते में जमा राशि की जानकारी प्राप्त की तो अपेक्षित रकम खाते में नहीं मिली। इस संबंध में अध्यक्ष से पूछताछ की गई तो उसने राशि खर्च हो जाने की बात कही। महिलाओं ने बैंक पासबुक और जमा-निकासी का हिसाब मांगा, लेकिन अध्यक्ष द्वारा जानकारी देने में लगातार टालमटोल की गई।

इसके बाद समूह की महिलाओं ने आपसी जानकारी जुटाई और कुल 4,14,800 रुपये की राशि का हिसाब नहीं मिलने पर थाना पुलगांव में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 1017/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

पुलिस ने शिकायत और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए 20 नवंबर को आरोपी अध्यक्ष कीर्ति मंडले को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

आरोपी का नाम

1. कीर्ति मंडले, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम नागपुरा, चौकी नगपुरा, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़)।