कुम्हारी में 1.516 किलो गांजा और 26 हजार नकद के साथ आरोपी गिरफ्तार, पुराने NDPS केस में भी था फरार
डीएमसी खंडहर के पास ग्राहक तलाशते पकड़ा गया आरोपी, गांजा और बिक्री की रकम मिलाकर 1.01 लाख रुपये की संपत्ति जब्त

दुर्ग। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में कुम्हारी पुलिस ने गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 1.516 किलोग्राम गांजा और बिक्री से प्राप्त 26,340 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 1 लाख 1 हजार 340 रुपये बताई गई है। खास बात यह है कि गिरफ्तार आरोपी पूर्व के एक अन्य एनडीपीएस मामले में भी फरार चल रहा था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 20 नवंबर को कुम्हारी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि डीएमसी खंडहर के पास बरगद के पेड़ के नजदीक एक व्यक्ति गांजा लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गवाहों की मौजूदगी में घेराबंदी कर दबिश दी।
इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर पूछताछ की। उसकी पहचान लक्ष्मण जगत (34 वर्ष), निवासी रूप नगर, कुम्हारी के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1.516 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 75 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा गांजा बिक्री की रकम 26,340 रुपये भी जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 382/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख)(II)(बी) में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। इसके बाद न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया।
पुराने गांजा तस्करी मामले में भी था फरार
जांच में यह भी सामने आया कि लक्ष्मण जगत थाना कुम्हारी के पूर्व अपराध क्रमांक 293/2026 के एनडीपीएस प्रकरण में भी फरार चल रहा था। इस मामले में पुलिस ने उसे अलग से गिरफ्तार किया है। उल्लेखनीय है कि इसी पुराने प्रकरण में आरोपी प्रेम साहू के कब्जे से 6.315 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया था। प्रेम साहू वर्तमान में केंद्रीय जेल दुर्ग में न्यायिक हिरासत में निरुद्ध है।