पड़ोस में रहने वाली महिला ने ही घर से उड़ाए सोने-चांदी के जेवर, पति और साथी के साथ गिरफ्तार
ब्याज में पैसा कमाने के लालच में दिया चोरी की वारदात को अंजाम, पाटन पुलिस ने तीन आरोपियों से करीब 10 लाख की संपत्ति बरामद करने का किया दावा


दुर्ग। घर में नियमित आना-जाना और परिवार से नजदीकी ही चोरी की वारदात की वजह बन गई। दुर्ग जिले के पाटन स्थित दीनदयाल उपाध्याय कॉलोनी में एक घर से सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने पड़ोस में रहने वाली महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, महिला को घर की व्यवस्था और जेवरात रखे जाने की जगह की जानकारी थी। इसी का फायदा उठाकर उसने अपने परिचित के कहने पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरी के जेवरात बेचकर मिली रकम को आरोपियों ने आपस में बांट लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर जेवरात, नगदी, मोबाइल फोन और दोपहिया वाहन समेत करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति बरामद करने की जानकारी दी है।
पेटी का ताला और कुंदा तोड़कर की चोरी
पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर 2026 को कल्याणी देवांगन (46), निवासी मकान नंबर 82, दीनदयाल उपाध्याय कॉलोनी, पाटन ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि घर के कमरे में रखी पुरानी पेटी का ताला और कुंदा टूटा हुआ था। पेटी में रखे उनके अलावा उनकी बहन और मां के पुराने सोने-चांदी के जेवरात तथा नगदी रकम गायब थी। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 379/2026 के तहत धारा 305(क), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
ये तीन आरोपी गिरफ्तार
- ज्योतिका सिंह (24), निवासी ग्राम गोडपेण्ड्री, थाना उतई, वर्तमान पता पाटन।
- मयूर उर्फ आकाश सिंह अवधिया (25), निवासी ग्राम गोडपेण्ड्री, थाना उतई, वर्तमान पता पाटन।
- लव कुमार साहू (25), निवासी वार्ड क्रमांक 03, दाउबाड़ा, नंदिनी, अहिवारा।
वाहन, मोबाइल और जेवरात सहित सामग्री जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से निम्न सामग्री बरामद की है।
ज्योतिका सिंह से: एक्टिवा (60 हजार रुपये), वनप्लस मोबाइल (25 हजार रुपये), सोने के झुमके, ईयरिंग, गेहूं दाना, लॉकेट, गोला दाना, टॉप्स और 13 हजार रुपये नगद। कुल कीमत 2,95,600 रुपये।
मयूर उर्फ आकाश सिंह से: मोटरसाइकिल (65 हजार रुपये), रेडमी मोबाइल (10 हजार रुपये), चांदी की चेन (8,500 रुपये) और 6 हजार रुपये नगद। कुल कीमत 89,500 रुपये।
लव कुमार साहू से: सोने के टॉप्स (19,800 रुपये), वनप्लस मोबाइल (30 हजार रुपये), चांदी का ब्रेसलेट, दो चांदी के लॉकेट और 7 हजार रुपये नगद। कुल कीमत 67,260 रुपये।