अलसुबह 4 बजे अटल आवास में पुलिस की दबिश, दो संदिग्ध बाइक का सत्यापन, लंबे समय से फरार वारंटी गिरफ्तार

जामुल पुलिस ने घासीदास नगर में चार घंटे चलाया सघन चेकिंग अभियान, बिना नंबर प्लेट मिली दोनों नई मोटरसाइकिलों के दस्तावेज सही मिलने पर मालिकों को सौंपा

अलसुबह 4 बजे अटल आवास में पुलिस की दबिश, दो संदिग्ध बाइक का सत्यापन, लंबे समय से फरार वारंटी गिरफ्तार

जामुल। क्षेत्र में अपराधों पर अंकुश लगाने और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस ने गुरुवार सुबह अटल आवास घासीदास नगर में सघन चेकिंग अभियान चलाया। सुबह 4 बजे से 8 बजे तक चले इस अभियान में पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की। इस दौरान बिना नंबर प्लेट की दो मोटरसाइकिलें मिलने से पुलिस ने उनके दस्तावेज और स्वामित्व का सत्यापन किया। वहीं, लंबे समय से फरार चल रहे एक गिरफ्तारी वारंटी को भी पकड़ने में सफलता मिली।

पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान दो मोटरसाइकिलें बिना नंबर प्लेट के दिखाई दीं। संदेह के आधार पर पुलिस टीम ने दोनों वाहनों के संबंध में जानकारी जुटाई और दस्तावेजों की जांच की। सत्यापन में दोनों मोटरसाइकिलें शोरूम से हाल ही में खरीदी गई नई गाड़ियां निकलीं। उनके लिए अभी हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) जारी नहीं हुई थी। दस्तावेज और स्वामित्व सही पाए जाने के बाद पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिलें उनके मालिकों को वापस सौंप दीं।

चेकिंग में पकड़ाया लंबे समय से फरार वारंटी

अभियान के दौरान पुलिस को घासीदास नगर निवासी पिंटू उर्फ आनंद कुमार साहनी के बारे में जानकारी मिली। उसके विरुद्ध न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी था और वह लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे गिरफ्तार किया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।