11 महीने से नहीं मिली वृद्धावस्था पेंशन, 85 वर्षीय बुजुर्ग ने कलेक्टर से लगाई गुहार

आंखों से दिखाई नहीं देता, बैंक और नगर निगम के चक्कर लगाने के बाद भी नहीं हुआ समाधान, जनदर्शन में पहुंचे 79 आवेदन

11 महीने से नहीं मिली वृद्धावस्था पेंशन, 85 वर्षीय बुजुर्ग ने कलेक्टर से लगाई गुहार

दुर्ग। पिछले 11 महीने से वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिलने से परेशान भिलाई के 85 वर्षीय बुजुर्ग ने बुधवार को कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचकर अपनी व्यथा सुनाई। बुजुर्ग ने बताया कि पेंशन बंद होने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उम्र अधिक होने के कारण वे शारीरिक रूप से कमजोर हो चुके हैं और आंखों से दिखाई भी नहीं देता। इसके बावजूद पेंशन की समस्या का समाधान कराने के लिए बैंक और नगर निगम से संपर्क किया, लेकिन कोई राहत नहीं मिली।

बुजुर्ग की शिकायत सुनने के बाद कलेक्टर अभिजीत सिंह ने समाज कल्याण विभाग को मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बुधवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में कुल 79 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें अवैध कब्जा, आवासीय पट्टा, प्रधानमंत्री आवास, भूमि सीमांकन, सीसी रोड निर्माण, ऋण पुस्तिका सुधार और आर्थिक सहायता सहित विभिन्न समस्याओं से जुड़े आवेदन शामिल थे। कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का परीक्षण कर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। इस दौरान संयुक्त कलेक्टर राहुल कुमार रजक भी उपस्थित रहे।

पांच साल पहले बनी सड़क पर फिर सीमेंटीकरण, कच्ची गलियों की अनदेखी

ग्राम पंचायत विनायकपुर के ग्रामीणों ने जनदर्शन में सीसी रोड निर्माण को लेकर शिकायत की। ग्रामीणों का कहना है कि गांव की एक ऐसी गली में दोबारा सीमेंटीकरण कराया जा रहा है, जहां पांच साल पहले सड़क बनाई गई थी और वह आज भी अच्छी स्थिति में है। दूसरी ओर गांव की कई गलियां अब तक कच्ची हैं, जहां बारिश के दौरान कीचड़ और जलभराव से लोगों को परेशानी होती है।

ग्रामीणों ने मांग की कि पहले उन गलियों में सीसी रोड बनाई जाए, जहां इसकी वास्तव में जरूरत है। कलेक्टर ने जिला पंचायत सीईओ को मामले का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

ऊंची नाली बनाने से घरों का पानी निकलना मुश्किल

दुर्ग नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 52 श्याम नगर, बोरसी के रहवासियों ने नाली निर्माण को लेकर शिकायत दर्ज कराई। उनका आरोप है कि बिल्डरों द्वारा नवनिर्मित मकानों के सामने नालियां निर्धारित स्तर से अधिक ऊंचाई पर बनाई जा रही हैं।

इससे आसपास के मकानों का पानी नालियों में नहीं पहुंच पा रहा है। रहवासियों ने आशंका जताई कि जल निकासी बाधित होने से मोहल्ले में जलभराव और गंदे पानी के जमाव की समस्या बढ़ सकती है। इससे बीमारियां फैलने का खतरा भी बना रहेगा। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

सर्वे और दस्तावेज जमा करने के बाद भी पट्टा सूची से नाम गायब

भिलाई नगर निगम के जोन-1 अंतर्गत जुनवानी, खम्हरिया और वार्ड क्रमांक एक के निवासियों ने आवासीय पट्टा नहीं मिलने की शिकायत की।

निवासियों ने बताया कि पट्टा वितरण योजना के तहत सर्वे होने और आवश्यक दस्तावेज जमा करने के बावजूद कई लोगों के नाम पात्र-अपात्र सूची में शामिल नहीं किए गए। दावा-आपत्ति के बाद जारी सूची में भी उनके नाम नहीं मिले।

रहवासियों ने पात्र हितग्राहियों के नाम सूची में शामिल कर आवासीय पट्टा प्रदान करने की मांग की। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को प्रकरण का परीक्षण कर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।