भिलाई की सड़कों पर जल्द दौड़ेंगी 50 इलेक्ट्रिक बसें, पहले चरण में शुरू होगा 20 बसों का संचालन

ट्रायल के लिए पहुंची पहली ई-बस, कलेक्टर अभिजीत सिंह ने किया अवलोकन

भिलाई की सड़कों पर जल्द दौड़ेंगी 50 इलेक्ट्रिक बसें, पहले चरण में शुरू होगा 20 बसों का संचालन

भिलाई। शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में जल्द ही 50 इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर दौड़ती नजर आएंगी। छत्तीसगढ़ शासन ने नगर पालिक निगम भिलाई को 50 ई-बसों के संचालन की स्वीकृति दी है। पहले चरण में 20 बसों का संचालन शुरू करने की तैयारी है। इसी कड़ी में ट्रायल के लिए पहली इलेक्ट्रिक बस भिलाई पहुंची, जिसका बुधवार को कलेक्टर अभिजीत सिंह ने बस स्टैंड में अवलोकन किया।

ई-बस सेवा शुरू करने के लिए निगम ने विभिन्न मार्गों का रूट चार्ट भी तैयार कर लिया है। बुधवार को अधिकारियों और कर्मचारियों ने बस में सवार होकर निर्धारित मार्ग पर ट्रायल किया। बस नेहरू नगर चौक, सूर्या मॉल, शंकराचार्य कॉलेज, धमधा रोड, ग्रीन चौक, दुर्ग रेलवे स्टेशन, दुर्ग बस स्टैंड, राजेंद्र प्रसाद चौक, थगड़ा बांध और पंथी चौक होते हुए रिसाली तक पहुंची।

ट्रायल का उद्देश्य बसों के सुचारू संचालन और निर्धारित मार्गों की व्यवस्थाओं का परीक्षण करना है। ई-बस सेवा शुरू होने से भिलाई और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को सस्ती और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है। खासकर नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को इसका लाभ मिलेगा।

इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से ईंधन पर निर्भरता कम होने के साथ ही प्रदूषण में कमी लाने और शहर में हरित परिवहन को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी। ट्रायल प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्धारित योजना के अनुसार बसों का संचालन शुरू किया जाएगा।

इस दौरान नगर निगम भिलाई आयुक्त सुरुचि सिंह सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।