छावनी चौक की बंद फैक्ट्री में लगी भीषण आग, दमकल टीम ने एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

छावनी चौक की बंद फैक्ट्री में लगी भीषण आग, दमकल टीम ने एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

भिलाई। छावनी चौक स्थित एक बंद फैक्ट्री में बुधवार दोपहर अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। फैक्ट्री के कमरों में आग फैलने की सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम ने दुर्ग अग्निशमन कार्यालय को जानकारी दी। इसके बाद दमकल की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। दमकल कर्मियों ने आधुनिक उपकरणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में फिलहाल किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है।

जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर को दोपहर करीब 1:11 बजे छावनी चौक स्थित बंद फैक्ट्री में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने फैक्ट्री के कमरों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलने पर दुर्ग अग्निशमन कार्यालय से दमकल वाहन मौके पर भेजा गया। वहां पहुंचने पर कर्मचारियों ने देखा कि फैक्ट्री के अंदर आग तेजी से फैल रही थी। दमकल कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आधुनिक अग्निशमन उपकरणों की सहायता से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। टीम की लगातार कोशिशों के बाद आग को आसपास के हिस्सों में फैलने से रोकते हुए उस पर नियंत्रण पाया गया। आग बुझाने में करीब एक दमकल वाहन पानी का उपयोग किया गया। फिलहाल फैक्ट्री में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। अग्निशमन विभाग के अनुसार, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। टीम में दिनेश कुमार राउटे, दल प्रभारी महेंद्र चंदेल तथा अग्निशमन कर्मचारी संतोष मडरिया, नितिन, जयराम, डीवहार और भीषम शामिल रहे।