फेसबुक लाइव के मंच पर समाज सेवकों का सम्मान, सुशील पांडे और खुशबू सोनवाने हुए सम्मानित
‘जिंदगी हर कदम एक नई जंग है’ संगीतमय कार्यक्रम में कलाकारों ने दी शानदार प्रस्तुतियां, गजानन स्टूडियो में सजा संगीत और सम्मान का मंच

भिलाई। संगीत, कला और सामाजिक सरोकारों को एक मंच पर जोड़ते हुए फेसबुक लाइव संगीतमय कार्यक्रम में पहली बार समाज सेवा के क्षेत्र में योगदान देने वाले व्यक्तित्वों का सम्मान किया गया। सुपेला स्थित कर्मा भवन के गजानन स्टूडियो में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का शीर्षक ‘जिंदगी हर कदम एक नई जंग है’ रखा गया। कार्यक्रम में यातायात विभाग में कार्यरत सुशील पांडे और रिसाली की डॉग लवर खुशबू सोनवाने को उनके सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन जयप्रकाश नायर ने किया, जबकि गजानन स्टूडियो के डायरेक्टर राकेश शर्मा रहे। इस आयोजन में संगीत के साथ समाज के लिए निस्वार्थ भाव से काम करने वाले लोगों के प्रयासों को पहचान देने की पहल की गई। कार्यक्रम में सम्मानित सुशील पांडे यातायात विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वहीं, खुशबू सोनवाने पशु प्रेमी हैं और बेजुबान जानवरों के प्रति अपने प्रेम एवं सेवा भाव के लिए जानी जाती हैं। दोनों को सम्मानित कर उनके कार्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर कलाकारों ने अपनी संगीतमय प्रस्तुतियों से माहौल को खुशनुमा बना दिया। कार्यक्रम में श्रीकला जयप्रकाश नायर, पंडित लक्ष्मी, राकेश कश्यप, सुलेमान खान, मेहुल शर्मा, चंदन शर्मा, दिलेश बोपचे और राज पैठे सहित अन्य कलाकारों ने सहभागिता निभाई। आयोजकों की यह पहल संगीत के मनोरंजनात्मक स्वरूप से आगे बढ़कर समाज सेवा करने वाले लोगों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक प्रयास रही। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि समाज के लिए समर्पित भाव से काम करने वाले लोगों का सम्मान और उनका उत्साहवर्धन भी सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा है।