गांजा तस्करी के मामले में फरार सह-आरोपी महासमुंद से गिरफ्तार, छह दिन से तलाश में जुटी थी पुलिस
2.5 किलो गांजे के अवैध कारोबार में सामने आया था नाम, मुखबिर की सूचना पर अंजोरा पुलिस ने दी दबिश

दुर्ग। गांजे के अवैध कारोबार से जुड़े एनडीपीएस एक्ट के मामले में फरार चल रहे सह-आरोपी को दुर्ग पुलिस ने महासमुंद जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम पिछले छह दिनों से लगातार पतासाजी कर रही थी। मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी एवं मैदानी प्रयासों के आधार पर पुलिस ने उसे पकड़ने में सफलता हासिल की।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना पुलगांव की चौकी अंजोरा में अपराध क्रमांक 1012/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 25(ख) एवं 27(क) में गांजे के अवैध कारोबार का मामला दर्ज किया गया था। प्रकरण में करीब 2.5 किलोग्राम गांजे के अवैध कारोबार की जांच के दौरान पूर्व में गिरफ्तार आरोपी गुरु लखनलाल गोंड से पूछताछ में किशन यादव निवासी महासमुंद की संलिप्तता सामने आई थी।
इसके बाद से ही पुलिस टीम किशन यादव की तलाश में जुटी हुई थी। नगर पुलिस अधीक्षक देवांश सिंह राठौर के दिशा-निर्देशन में चौकी अंजोरा और थाना पुलगांव की टीम 20 नवंबर को महासमुंद जिले के लिए रवाना हुई। लगातार पतासाजी और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर फरार सह-आरोपी किशन यादव को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को दुर्ग लाया गया। यहां आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।