शादी में जाने का बहाना बनाकर स्कॉर्पियो लेकर फरार हुआ ड्राइवर, 2.50 लाख की भी की धोखाधड़ी; सूरत से गिरफ्तार
तीन साल से चला रहा था मालिक की गाड़ी, रखरखाव और तकनीकी सुधार के नाम पर भी ऐंठे थे ढाई लाख रुपये

भिलाई। मालिक का भरोसा जीतकर तीन साल तक ड्राइवर की नौकरी करने वाले एक व्यक्ति ने धोखाधड़ी कर स्कॉर्पियो वाहन और 2.50 लाख रुपये हड़प लिए। शादी समारोह में जाने का बहाना बनाकर आरोपी वाहन लेकर निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। वाहन के रखरखाव और तकनीकी सुधार के नाम पर भी उसने मालिक से नगद और ऑनलाइन माध्यम से ढाई लाख रुपये ले लिए। मामले में खुर्सीपार पुलिस ने फरार आरोपी को गुजरात के सूरत शहर से गिरफ्तार किया है। उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार खुर्सीपार निवासी नरेश कुमार माथुर (53) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि राजेश कुमार बिसनोई (31) पिछले करीब तीन वर्षों से उनके यहां ड्राइवर के रूप में काम कर रहा था। वह स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक CG07 AR 0002 चलाता था।
शिकायत के मुताबिक 29 नवंबर 2024 को राजेश शादी समारोह में शामिल होने जाने का बहाना बनाकर स्कॉर्पियो लेकर गया था। इसके बाद वह न तो वाहन लेकर वापस लौटा और न ही मालिक को कोई संतोषजनक जानकारी दी। इसी दौरान आरोपी ने वाहन के रखरखाव और तकनीकी सुधार कराने के नाम पर प्रार्थी से अलग-अलग समय में नगद और ऑनलाइन माध्यम से कुल 2 लाख 50 हजार रुपये भी प्राप्त कर लिए। काफी इंतजार और तलाश के बाद भी वाहन और रकम का पता नहीं चलने पर नरेश कुमार माथुर ने खुर्सीपार थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 450/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(4) और 318(4) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मोबाइल लोकेशन से पहुंची पुलिस सूरत
विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। जांच में उसकी लोकेशन गुजरात के सूरत शहर में मिली। इसके बाद खुर्सीपार पुलिस की टीम सूरत पहुंची और तलाश कर आरोपी राजेश कुमार बिसनोई को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को 19 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
वाहन और रकम की बरामदगी के प्रयास जारी
पुलिस के अनुसार स्कॉर्पियो वाहन और धोखाधड़ी से प्राप्त 2.50 लाख रुपये की बरामदगी के संबंध में विवेचना जारी है। इस कार्रवाई में खुर्सीपार थाना प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण केंवट एवं पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कर्मचारी रखने से पहले कराएं सत्यापन
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ड्राइवर, घरेलू सहायक या अन्य कर्मचारी नियुक्त करते समय उनके पहचान पत्र, स्थायी पते और पूर्ववृत्त का सत्यापन जरूर कराएं। वाहन या कीमती सामान सौंपते समय भी आवश्यक सावधानी बरतें। किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
घटना स्थल
सुभाष मार्केट, जोन-02, खुर्सीपार, भिलाई, थाना खुर्सीपार, जिला दुर्ग (छ.ग.)।
आरोपी का नाम
1. राजेश कुमार बिसनोई, उम्र 31 वर्ष, निवासी कोजा, पुलिस चौकी धोरी मन्ना, जिला बाड़मेर, राजस्थान।