संडे बाजार सुपेला की व्यवस्था को नहीं सुधार सकी नगर निगम

सड़क को जाम कर करते हैं व्यापार,लोगों का आवाजाही हो रही बाधित

संडे बाजार सुपेला की व्यवस्था को नहीं सुधार सकी नगर निगम

भिलाई (सुभांकर रॉय)। यह सड़क सुपेला चौक से गदा चौक की ओर जाने वाली मुख्य सड़क है। जिसे लोग संडे मार्केट के नाम से जानते हैं। यहां फिर से सड़क पर कब्जा कर व्यापार शुरू हो गया है। सड़क जाम की स्थिति ऐसी की लोगों को अपना पैर सिर में लिए चलना पड़ता है। यहां सातों दिन लगता है संडे बाजार।  जाम की स्थिति में कोई राहगीर अगर गलती से ठेले वाले को पीछे हटने बोल दे तो एक ही जवाब मिलता है, सड़क तेरे बाप का है... वर्तमान स्थिति को देखकर तो यही लगता है कि कब्जाधारियों को निगम के कार्यवाही से कोई फर्क नहीं पड़ता। 


प्रशासन के लाख प्रयास के बाद भी सुपेला चौक से गदा चौक जाने वाली मुख्य सड़क में लगने वाली जाम की स्थिति से निजात नहीं मिली। नगर निगम द्वारा कार्रवाई के कुछ दिन बाद फिर से सड़क पर कब्जा कर व्यावसाय किया जाता रहा है। प्रशासनिक कार्रवाई का कोई भी असर इन व्यापारियों पर नहीं पड़ता। शायद यही कारण है कि नगर निगम भिलाई व पुलिस प्रशासन द्वारा कई बार कार्रवाई के बाद भी स्थिति जस की तस है।जहां  ठेले-खोमचे वालों द्वारा  बीच सड़क तक कब्जा कर व्यवसाय किया जाता है वहीं फुटपाथ कपड़ों का ढेर लगाते फेरी लगाना आम बात बात है। सड़क पर कब्जो के कारण राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा है। सबसे ज्यादा परेशानी सुपेला चौक से लेकर लक्ष्मी मार्केट तक होती है। पूरा का पूरा सड़क ठेले वालों ने कब्जा कर रखा है। कई बार तो पुलिस के वाहनो व एम्बुलेंस को जाम में फंसते देखा गया है। मुख्य सड़क होने के कारण यहां के कई राजनीतिक व्यक्ति सहित आला अधिकारियों का रोज आना जाना लगा रहता है, लेकिन आम लोगों से किसी का सरोकार नहीं। आम लोग यह समझ गए हैं कि फिर प्रशासन कार्रवाई करेगी, सात दिन तो सब ठीक रहेगा और सात दिन बाद फिर कब्जा। और यही बदस्तूर जारी रहेगा।