लापरवाही से स्कूल बस चलाने पर ड्राइवर का लाइसेंस होगा निरस्त

सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर के निर्देश, नशे में वाहन चलाते पकड़े जाने पर भी होगी लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई

लापरवाही से स्कूल बस चलाने पर ड्राइवर का लाइसेंस होगा निरस्त

दुर्ग। जिले में स्कूल बसों को लापरवाहीपूर्वक चलाने वाले चालकों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। लापरवाही से वाहन चलाने पर स्कूल बस चालक का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई होगी। वहीं पुलिस की आकस्मिक जांच में वाहन चालक के मादक पदार्थ का सेवन करने की पुष्टि होने पर भी लाइसेंस निरस्त किया जाएगा।

कलेक्टर अभिजीत सिंह ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में परिवहन विभाग के अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दिए। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में हुई बैठक में जिले में यातायात व्यवस्था सुधारने और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में पिछली बैठक के निर्णयों पर हुई कार्रवाई की विभागवार समीक्षा की गई। अधिकारियों ने पूर्ण किए गए कार्यों, वर्तमान प्रगति और विभागीय कार्रवाई की जानकारी दी। सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए विभिन्न सुझावों पर चर्चा के बाद कई निर्णय लिए गए।

गड्ढों और खराब सड़कों की होगी मरम्मत

अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर खराब सड़कों और गड्ढों की मरम्मत का काम जारी है। डामरीकरण का काम अक्टूबर में किया जाएगा। दुर्ग नगर निगम क्षेत्र में डिवाइडर निर्माण, सड़क संकेतक, प्रकाश व्यवस्था और गड्ढों की मरम्मत का काम आगामी 10 दिनों में पूरा करने की जानकारी दी गई। झरोखा बोगदा पुलिया से कातुलबोर्ड की ओर बिजली के खंभों को पीछे करने के लिए कार्यादेश जारी हो चुका है। यह काम 15 दिनों में पूरा किया जाएगा। रेलवे की ओर से अंडरब्रिज की सफाई और सड़क सुधार का काम 31 अक्टूबर तक पूरा करने की जानकारी दी गई। दुर्ग-धमधा मार्ग पर समोदा, करंजा भिलाई और ननकट्ठी पुलों के चौड़ीकरण के लिए भी कार्यादेश जारी किया जा चुका है।

नवरात्र में पदयात्रियों के लिए तय होगा मार्ग

बैठक में नवरात्र के दौरान पदयात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए नेहरू नगर चौक से अंजोरा बायपास मार्ग को लेकर भी निर्णय लिया गया। वहीं पावर हाउस से सुपेला चौक तक अतिक्रमण हटाने और राष्ट्रीय राजमार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने सड़क दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में विभागों को सौंपे गए कार्यों पर तेजी से कार्रवाई करने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। सड़कों से मवेशियों को हटाने के लिए नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों द्वारा नियमित कार्रवाई जारी रखने की बात भी बैठक में कही गई। बैठक में नगर निगम दुर्ग की आयुक्त लीना कोसम, नगर निगम भिलाई की आयुक्त सुरूचि सिंह, नगर निगम रिसाली की आयुक्त मोनिका वर्मा, नगर निगम भिलाई-चरोदा के आयुक्त डी. राजपूत, एएसपी यातायात ऋचा मिश्रा, अपर कलेक्टर हरवंश सिंह मिरी सहित परिवहन, लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई, पुलिस, बीएसपी और नगरीय निकायों के अधिकारी मौजूद रहे।