आधी रात को आग की लपटों में घिरी गजराज इंडस्ट्रीज, सुबह तक धधकती रही फैक्ट्री
पूरी फैक्ट्री आग की चपेट में आई, 50 से अधिक गाड़ी पानी से पाया काबू, दुर्ग से भेजी गईं दो दमकल टीमें


भिलाई/रायपुर। राजधानी रायपुर के भनपुरी स्थित गजराज इंडस्ट्रीज में गुरुवार देर रात भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री इसकी चपेट में आ गई। घटना की सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा की दो दमकल टीमों को रायपुर अग्निशमन दल की मदद के लिए रवाना किया गया। दमकल कर्मियों ने रायपुर की टीम के साथ मिलकर करीब 7 से 8 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार, घटना 13 नवंबर की रात करीब 1 बजे भनपुरी खमतराई स्थित गजराज इंडस्ट्रीज में हुई। फैक्ट्री में अचानक आग लगने की सूचना डायल 112 के माध्यम से दुर्ग अग्निशमन कार्यालय को दी गई। सूचना मिलते ही दुर्ग से दो दमकल टीमों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
मौके पर पहुंचने पर दमकल कर्मियों ने देखा कि आग पूरी फैक्ट्री में फैल चुकी थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग और रायपुर की अग्निशमन टीमों ने आधुनिक उपकरणों की मदद से संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला। आग इतनी भीषण थी कि इसे नियंत्रित करने में 50 से अधिक गाड़ी पानी का उपयोग करना पड़ा।
दमकल कर्मियों की लगातार मेहनत और संयुक्त प्रयासों के बाद करीब 7 से 8 घंटे में आग पर नियंत्रण पाया जा सका। इस अग्निकांड में कई लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने का वास्तविक कारण फिलहाल अज्ञात बताया गया है।
पूरे रेस्क्यू अभियान का नेतृत्व जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी श्री दिनेश कुमार राउटे के निर्देशन में किया गया। दल प्रभारी महेन्द्र चंदेल और घनश्याम यादव सहित अग्निशमन कर्मचारी संतोष मडरिया, नितिन, रमेश, जयराम, युवराज, हरीश, टिकेश्वर और सेजीत ने अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।