नेशनल हाईवे पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, 17 वर्षीय किशोर की मौत
खपरी के पास हुआ भीषण सड़क हादसा, दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल; डायल 112 ने पहुंचाया अस्पताल






तखतपुर। बिलासपुर-मुंगेली नेशनल हाईवे-130A पर ग्राम खपरी के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में 17 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को डायल 112 की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान ग्राम अरईबंद निवासी 17 वर्षीय केशर यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि केशर मोटरसाइकिल से जा रहा था। इसी दौरान ग्राम खपरी के पास सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि किशोर सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर चोटों के चलते घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
दूसरा युवक गंभीर, अस्पताल में उपचार जारी
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है। उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।