भीषण सड़क हादसा: गंगोत्री जा रही गाड़ी 200 मीटर गहरी खाई में गिरी, 5 की मौत, 2 लापता



उत्तराखंड के उत्तरकाशी में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गंगोत्री धाम के दर्शन के लिए निकले गुजरात के सात यात्रियों का सफर गंगनानी के पास दर्दनाक हादसे में बदल गया। यात्रियों से भरा एक वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा और नदी में समा गया। हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत होने की सूचना है, जबकि दो लोग लापता बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, वाहन में गुजरात के छह यात्री और एक चालक सवार थे। सभी गुरुवार सुबह हिना के समीप से गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान गंगनानी बाजार से आगे डबरानी की ओर बढ़ते समय अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और गाड़ी सीधे गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा। नदी किनारे चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान पांच लोगों के शव बरामद किए गए हैं। वहीं, वाहन में सवार अन्य दो लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है।
गंगोत्री धाम के दर्शन की उम्मीद लेकर निकले यात्रियों के साथ हुए इस दर्दनाक हादसे से इलाके में शोक का माहौल है। फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है।