धान खरीदी में 70 लाख की गड़बड़ी, प्रभारी गिरफ्तार

कबीरधाम। जिले में धान खरीदी में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए धान खरीदी प्रभारी विवेक चंद्राकर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। आरोपी पर 70 लाख रुपये से अधिक की हेराफेरी का आरोप है।

मामला सेवा सहकारी समिति मर्यादित के अंतर्गत धान उपार्जन केंद्र पेण्ड्रीकला का है। इस संबंध में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक राजनांदगांव शाखा कुण्डा के अधिकारी द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर वर्ष 2025-26 के धान खरीदी कार्य का निरीक्षण किया गया।

जांच में सामने आया कि 12 जनवरी की स्थिति में कुल 23,319.20 क्विंटल धान खरीदी दर्ज थी। इसमें से 3,880 क्विंटल धान का उठाव हो चुका था, जबकि शेष 19,439.20 क्विंटल धान केंद्र में होना चाहिए था। लेकिन मौके पर जांच के दौरान 2,272 क्विंटल धान कम पाया गया।
इस कमी का शासकीय मूल्य 70 लाख 43 हजार 200 रुपये आंका गया है। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि प्रभारी विवेक चंद्राकर ने तौल पत्रक और रजिस्टर में फर्जीवाड़ा कर रिकॉर्ड में हेरफेर किया और धान का गबन किया। मामले में थाना कुण्डा में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने गड़बड़ी करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
