माता मंदिर में बड़ा हादसा: रोपवे केबल टूटने ट्रॉली गिरी, महिला की मौत, 16 घायल

महासमुंद। चैत्र नवरात्रि के बीच छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। खल्लारी माता मंदिर में रविवार को रोपवे दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 16 श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना उस समय हुई जब नवरात्रि के चौथे दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में दर्शन के लिए पहुंच रहे थे। पहाड़ी पर स्थित मंदिर तक पहुंचने के लिए लोग रोपवे का इस्तेमाल कर रहे थे। इसी दौरान श्रद्धालुओं से भरी ट्रॉली का केबल अचानक टूट गया। केबल टूटते ही ट्रॉली लगभग 20 फीट नीचे गिर गई, जिससे उसमें सवार लोग बुरी तरह घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार के बीच स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्रशासन के मुताबिक, चार घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। घटना के बाद रोपवे संचालन पर सवाल खड़े हो गए हैं, खासकर ऐसे समय में जब नवरात्रि के चलते भारी भीड़ उमड़ रही है।
इस हादसे पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री ने मामले की उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं और स्पष्ट कहा है कि लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रशासन घटना के कारणों की जांच में जुट गया है और रोपवे की तकनीकी स्थिति की भी समीक्षा की जा रही है।
