पुलिस का तड़के बड़ा चेकिंग अभियान, 8 लावारिस और संदिग्ध वाहन जब्त
सुबह 4 से 8 बजे तक भिलाई नगर और नेवई अनुविभाग में चली सघन जांच, 47 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी रहे तैनात


भिलाई। जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए दुर्ग पुलिस ने शुक्रवार तड़के विशेष चेकिंग अभियान चलाया। सुबह 4 बजे से 8 बजे तक चले इस अभियान में भिलाई नगर और नेवई अनुविभाग के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस की संयुक्त टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और संवेदनशील स्थानों की सघन जांच की। इस दौरान पुलिस ने 8 लावारिस एवं संदिग्ध वाहनों को जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में कुल 47 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। संबंधित थाना और चौकी प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर जांच की। अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ करने के साथ वाहनों के दस्तावेजों की भी जांच की गई।
पुलिस टीमों ने मादक पदार्थों, अवैध हथियारों और अन्य संदिग्ध वस्तुओं की तलाश भी की। इसके अलावा पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे व्यक्तियों की गतिविधियों का सत्यापन किया गया, ताकि किसी भी संभावित आपराधिक घटना को समय रहते रोका जा सके।
संदिग्ध वाहनों पर पुलिस की नजर
अभियान के दौरान अलग-अलग स्थानों पर लावारिस एवं संदिग्ध हालत में मिले 8 वाहनों को जब्त किया गया। पुलिस ने इनके संबंध में आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया शुरू की है। इस कार्रवाई के जरिए पुलिस ने स्पष्ट संकेत दिया है कि जिले में संदिग्ध गतिविधियों और आपराधिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।